HEADLINES

हिन्दू धर्म की परम्पराओं और पवित्रता को सुदृढ़ कर रहा विहिप : मिलिंद परांडे

विहिप की विभाग बैठक में केंद्रीय संगठन मंत्री मिलिंद परांडे
विहिप की विभाग बैठक में केंद्रीय संगठन मंत्री मिलिंद परांडे

मेरठ, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran) । विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद के विभिन्न आयाम, सेवा, समरसता धर्म प्रचार, सत्संग आदि के माध्यम से हिन्दू धर्म की परम्पराओं व पवित्रता को सुदृढ़ किया जा रहा है। यह वर्ष विहिप के लिए बहुत महत्वपूर्ण वर्ष है, क्योंकि इस साल विहिप की स्थापना के 60 वर्ष पूरे हो गए हैं।

केशव भवन सूरजकुंड रोड पर सोमवार को विहिप मेरठ विभाग की बैठक हुई। बैठक में विहिप के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि देश भर के प्रत्येक क्षेत्र में विहिप के षष्ठीपूर्ति वर्ष कार्यक्रम आयोजित हुए हैं। स्थापना दिवस एवं षष्ठीपूर्ति समापन वर्ष को उत्सव के रूप में मनाया गया। इन कार्यक्रमों में हिन्दू मान बिंदुओं को जन-जन तक पहुंचाने, समरसता की भावना निर्माण करने, राष्ट्र धर्म संस्कृति एवं समाज में उत्पन्न अनेक चुनौतियां के निराकरण हेतु बैठक एवं सार्वजनिक गोष्ठियों का आयोजन किया गया। वर्ष के अंत तक और भी कार्यक्रम विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यकर्ता समरसता की भावना से समर्पित होकर राष्ट्र धर्म संस्कृति के लिए कार्य करते रहेंगे।

इस दाैरान उन्होंने आगामी आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संदर्भ में बताया। कहा कि दुर्गाष्टमी कार्यक्रम तीन से 11 अक्टूबर तक, गोपाष्टमी सात नवम्बर, सत्संग विस्तार सप्ताह कार्यक्रम 20 से 26 अक्टूबर तक चलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मठ-मंदिरों की सुरक्षा, लव जिहाद, गौरक्षा, देश के खिलाफ हो रहे षड्यंत्र आदि बिंदुओं पर चर्चा की। इस अवसर पर विहिप के प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर, विभाग संगठन मंत्री अनूप, संगठन मंत्री तेजपाल, सह मंत्री सतीश, महानगर मंत्री पवन कश्यप, महानगर प्रचार प्रमुख आकाश प्रजापति आदि मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.कुलदीप त्यागी

Most Popular

To Top