Uttar Pradesh

वाराणसी: सोमा घोष के सुरों ने युवा महोत्सव उड़ान में कानों में मिश्री घोली

युवा महोत्सव उड़ान में सोमा घोष

—’हमरी अटरिया पर आजा रे सांवरिया’ सुनाया तो तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा सभागार

वाराणसी,28 फरवरी (Udaipur Kiran) । नवापुरा औसानगंज स्थित डीएवी पीजी कॉलेज के पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में शुक्रवार को प्रख्यात शास्त्रीय गायिका पद्मश्री डॉ. सोमा घोष ने अपने सुरों से सबका मन मोह लिया। कानों में मिश्री घोलने वाली मधुर स्वर में उन्होंने ‘हमरी अटरिया पर आजा रे सांवरिया’ सुनाया तो तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा। अवसर था कॉलेज में आइक्यूएसी के अंतर्गत सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय युवा महोत्सव उड़ान – 2025 के उद्घाटन का। महोत्सव में डॉ. सोमा घोष ने गजलों और गीतों के जरिये युवाओं से सीधा संवाद किया।

इस दौरान गायिका ने कहा कि यह महोत्सव नारी शक्ति को समर्पित किया गया है। स्त्री के बिना सृष्टि की कल्पना ही नही है। साक्षात शिव बिना शक्ति के शव समान है, जब माँ गौरी रूप में उनके साथ विराजती है तब वे शिव बनते है। उन्होंने कहा कि शब्द ही ब्रह्म है और शिव नाद ब्रह्म के उपासक है। सभी को संगीत सीखना चाहिए, संगीत संस्कार सिखलाती है। उन्होंने सबसे पहले गजल ‘तुम्हे देखकर लगता है जैसे, बहारों का मौसम आया हो जैसे’, ‘किसी की मुस्कुराहटों पर हो निसार, जीना इसी का नाम है’ सुनाया। इसके पश्चात उन्होंने ‘जाने क्यों आज तेरे अंजाम पर रोना आया’ सुनाकर समा बाँध दिया। अंत में ‘आज जाने की जिद ना करो’ सुनाकर समापन किया। उनके साथ संगत तबले पर उदय शंकर, की बोर्ड पर संतोष मौर्य एवं साइड रिदम पर रवि त्रिपाठी ने की। इसके पहले डॉ. सोमा घोष, कालेज के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव, कार्यकारी प्राचार्य प्रो. मिश्री लाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर उड़ान का शुभारंभ किया। स्वागत भाषण उपाचार्य प्रो. संगीता जैन,विषय स्थापना डॉ. तरु सिंह, संचालन डॉ. दीपक शर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. साक्षी चौधरी ने किया। पाणिनि कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने वेद पाठ तथा छात्रों ने कुलगीत प्रस्तुत किया।

—सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने मचाया धमाल

महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम में दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने नृत्य संगीत से जमकर धमाल मचाया। सबसे पहले एकल गायन में ऋषभ शंकर सिंह ने दमा दम मस्त कलंदर, मनीष पाण्डेय ने डिमक डिमक डमरू बाजे, सत्यम पाण्डेय ने ओ री चिरैया, गरिमा गुप्ता ने ‘मिथिला नगरिया निहाल सखिया’ गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं वेस्टर्न वोकल सोलो में ऐमन नाज़ ने ‘लाइक माय फादर’, पौरुष नेगवान ने ‘ब्लू’, श्रुति थापा ने ‘फीलिंग गुड’ सुनाया। इसके अलावा ग्रुप डांस में श्रेया एवं समूह, खुशी सिंह एवं समूह, ऋषिता शर्मा एवं समूह, प्रियंका कुमारी एवं समूह शामिल रहे। एकल नृत्य में श्रिया पाण्डेय, अदिति केशरी, गार्गी शर्मा आदि शामिल रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top