

वाराणसी, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाजपा नेताओं और जन प्रतिनिधियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व आम लोगों ने रविवार को रेडियो पर प्रसारित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ के 113वें संस्करण को पूरे उत्साह के साथ सुना। महानगर और जिले में मंडल और बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। भाजपा के अनुषांगिक इकाई के पदाधिकारी भी इसमें पीछे नहीं रहे। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के अगुवाई में कोदई चौकी स्थित गीता मंदिर में मन की बात को सुना।
इसमें ओम प्रकाश यादव,मिठाई लाल यादव ,शंकर जायसवाल, कन्हैया लाल सेठ,आदित्य गोयनका, अजय गुप्ता,अखिल वर्मा,मंगलेश जायसवाल आदि शामिल रहे। इसी क्रम में नदेसर मिंट हाउस में भाजपा एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह के अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मन की बात के प्रसारण को सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस और चंद्रयान-3 पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के भारत में कितना ही कुछ ऐसा हो रहा है, जो विकसित भारत की नींव मजबूत कर रहा है। जैसे 23 अगस्त को ही हम सब देशवासियों ने पहला नेशनल स्पेस डे (राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस) मनाया। पिछले वर्ष इसी दिन चंद्रयान-3 ने चांद के दक्षिणी हिस्से में शिव-शक्ति बिंदू पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की थी। भारत इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने वाला दुनिया का पहला देश बना था। प्रधानमंत्री ने बिना राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले युवाओं को राजनीतिक व्यवस्था से जोड़ने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने पर्यावरण को बढ़ावा देने वाले प्रयासों,पर्यावरण अनुकूल उत्पाद आदि पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री की बात सुनने के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने इसे जमीन पर उतारने का संकल्प लिया।
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी / बृजनंदन यादव
