
देहरादून, 13 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन से कुछ घंटे पहले ही उत्तराखंड ने पदकों का शतक लगाकर नया इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ ही राज्य ने खेलों की दुनिया में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। गोवा में हुए 37वें राष्ट्रीय खेलों में महज 24 पदक जीतने वाला उत्तराखंड इस बार 101 पदकों के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गया है।
24 स्वर्ण सहित कुल 101 पदक
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपने घरेलू मैदान पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। जहां पिछली बार केवल तीन स्वर्ण पदक आए थे, वहीं इस बार राज्य ने 24 स्वर्ण, 25 रजत और 42 कांस्य पदक जीतकर कुल 101 पदक अपने नाम किए। पदकों की कुल संख्या के आधार पर उत्तराखंड चौथे स्थान पर है, जबकि स्वर्ण पदकों की संख्या के कारण सातवें स्थान पर है।
खेलों के विकास की दिशा में बड़ी छलांग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 101 पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। यह प्रदेश के खेल भूमि बनने की दिशा में एक ऊंची छलांग है। हमारी सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार की खेल नीतियों और खिलाड़ियों की मेहनत का असर इस बार के प्रदर्शन में साफ दिखा। उत्तराखंड की इस शानदार उपलब्धि के साथ राष्ट्रीय खेलों में राज्य का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है।
—————
(Udaipur Kiran) दुबे
