Uttrakhand

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष माहरा का पलटवार, बोले- भाजपा की डिक्सनरी में जीरो टॉलरेंस का मतलब बढ़ावा देना

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा।

देहरादून, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट द्वारा राज्य की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस के सवाल उठाए जाने को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताए जाने पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश नेतृत्व इस प्रकार की अनर्गल बयानबाजी कर अपराधियों तथा अपनी पार्टी के बलात्कारियों को बचाने का काम कर रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने गुरुवार को तंज कसते हुए कहा कि जिस प्रकार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बलात्कारियों, भ्रष्टाचारियों और अपराधियों का बचाव करते दिख रहे हैं उससे उनकी विक्षिप्त मानसिकता का पता चल रहा है। उन्होंनेे कहा कि जिस प्रदेश में लगभग रोज एक नाबालिग बेटी से बलात्कार हो रहा है, जिस प्रदेश में राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति की मौजूदगी वाले दिन डकैतियां पड़ रही हैं उस राज्य के सत्ताधारी दल के प्रदेश अध्यक्ष को कानून का राज दिखाई दे रहा है। करन माहरा ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सरकार के मुखिया भ्रष्टाचार और अपराध में जीरो टॉलरेंस की बात केवल जनता को भ्रमित करने के लिए करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डिक्सनरी में जीरो टॉलरेंस का मतलब उस काम को बढ़ावा देना होता है जिसके संबंध में जीरो टॉलरेंस की बात की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के प्रधानमंत्री लालकिले की प्राचीर से भ्रष्टाचार और महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं परंतु दूसरी ओर उनकी पार्टी के नेता इन्हीं दोनों जघन्य अपराधों में संलिप्त हैं। यदि भाजपा सरकार महिला अपराधों के मामले में संवेदनशील होती तो बृजभूषण शरण सिंह, प्रज्ज्वल रेवन्ना, कुलदीप सेंगर, चिन्मयानन्द, मुकेश बोरा, अमित सैनी जैसों को संरक्षण नहीं देती और न ही बलात्कार की सजा भुगत रहे गुरमीत राम रहीम जैसों को अपनी राजनैतिक रोटी सेकने के लिए बार-बार पेरोल पर छोड़ती।

करन माहरा ने कहा कि जिस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल अपराधियों, भ्रष्टाचारियों, बलात्कारियों को बचाने का काम कर रहे हों उस पार्टी के शासन में कानून व्यवस्था का स्वतः ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश में रोज हो रही बलात्कार, हत्या और डकैती की घटनाओं पर चुप्पी साधे हुए हैं। भ्रष्टाचार और बलात्कार में संलिप्त अपनी पार्टी के नेताओं पर संगठनात्मक और कानूनी कार्रवाई करने की बजाय पुराने अपराधों की गिनती कर क्या साबित करना चाहते हैं, यह समझ से परे हैं।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण

Most Popular

To Top