RAJASTHAN

(अपडेट) आंधी बारिश से प्रदेश के तापमान में 10 डिग्री तक गिरा, कामां में 3 इंच बारिश

मोसम

जयपुर, 2 मई (Udaipur Kiran) । पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को भी मौसम बदला नजर आया। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चली। इसके अलावा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। आंधी-बारिश के प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के शहरों के अधिकतम तापमान में दस तो वही न्यूनतम तापमान में आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। हालांकि पश्चिम राजस्थान के कुछ शहरों का पारा अभी भी 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। पिलानी के दिन के तापमान में सबसे ज्यादा 9.7 और श्रीगंगानगर के रात के तापमान में 7.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चली। आंधी अंधड से पेड, बिजली के खंभे, सोलर पैनल सहित अन्य उखड़ गए। बाड़मेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.4 और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को राज्य में एक दो स्थानों पर भारी वर्षा तथा कहीं कहीं हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, सर्वाधिक वर्षा कामां(भरतपुर) में 77 मिलीमीटर दर्ज की गई | शुक्रवार को राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्द्रता की औसत मात्रा 28 से 81 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मेघगर्जन के साथ आंधी बारिश की गतिविधियां आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के कई भागों में जारी रहने की प्रबल संभावना है। अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री गिरावट होने से हीटवेव से राहत मिली है। राज्य में आगामी एक सप्ताह हीट वेव की संभावना नहीं है।

भरतपुर के कामां में तीन इंच बरसात

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बरसात भरतपुर के पास कामां कस्बे में हुई। यहां 77 मिलीमीटर (3 इंच) बरसात दर्ज हुई। इसी तरह झुंझुनूं के पिलानी में 20.1, जैसलमेर के सम एरिया में 31, देवीकोट में 10, जैसलमेर शहर में 14, गंगानगर में 11.5 मिलीमीटर, अलवर के राजगढ़ में 17 मिलीमीटर बरसात दर्ज हुई। जयपुर, अलवर, दौसा, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, भीलवाड़ा समेत कई शहरों में 1 से लेकर 10 मिलीमीटर तक बारिश हुई।

जयपुर में चला तेज अंधड, पेड़, टीन शेड और सोलर पैनल सहित अन्य गिरे

जयपुर में शुक्रवार को सुबह से तेज अंधड का दौर शुरू हुआ जो कि दिनभर रुक-रुक कर चलता रहा। जयपुर में करीब 40 किलाेमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवांए चली। इससे कई जगह पेड़, बैनर, पोस्टर, सोलर पैनल गिर गए। जयपुर के तापमान में करीब 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। जयपुर में सुबह काले घने बादल भी छाए, लेकिन कहीं बरसे नहीं। दोपहर बादल छितराए बादलों के बीच धूप खिली और हवाएं चलती रही। अजमेर रोड और खातीपुरा एरिया में तेज हवा की वजह से पेड़ गिर गया, जिससे इन जगहों पर ट्रैफिक के मूवमेंट पर प्रभाव पड़ा। इससे पहले गुरुवार रात हरमाड़ा में अंधड़ से घर की छतों और खेतों में लगे सोलर पैनल गिर गए थे। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.5 और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top