बांदा, 19 जून (Udaipur Kiran) । पत्नी से अवैैध सम्बंधो में रोड़ा बने युवक की हत्या करने के बाद शव को यमुना नदी से बरामद किया गया। शव देखते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ बबेरू का कहना है कि रंजिशन उसकी हत्या की गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। कमासिन थाना क्षेत्र के बीरा गांव निवासी 28 वर्षीय कमल यादव पुत्र जगरूप यादव मंगलवार की शाम घर से निकल गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो घरवालों ने उसकी खोजबीन किया। बुधवार की सुबह परिजनों ने उसकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। हरकत में आई पुलिस भी उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी। शाम को परिजन खोजबीन करते हुए यमुना नदी पहुंच गए। देखा तो उसकी एक चप्पल और मोबाइल नदी किनारे पड़ा था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से यमुना नदी मे जाल डलवाकर उसकी खोजबीन करवाई। कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव पानी से बाहर निकाला गया। उसके सीने समेत कई जगह चोट के निशान थे।
मृतक के चचेरे भाई अनिल यादव ने बताया कि कमल यादव सूरत में धागा फैक्ट्री में काम करता था। वह दस दिन पहले गांव आया था। उसकी पत्नी के दूर के एक रिस्तेदार से दो साल से अवैध सम्बंध थे। पांच दिन पहले प्रेमी युवक ने कमल के मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो डाल दिया था। इस पर कमल ने पत्नी से पूछताछ किया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इससे नाराज पत्नी अपने मायके ईटारा गांव चली गई। मगंलवार को वह खेत जाने की बात कह कर घर से निकल गया। खेत में ही उसे दबोच कर यमुना नदी किनारे ले जाया गया। जहां उसकी हत्या करने के बाद शव को नदी में फेक दिया गया। पिता किसानी करता है। अचानक हुई इस घटना से मां जग्गू देवी का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
इस सम्बंध में सीओ बबेरू सौरभ सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्ट्रया युवक के शरीर में आई चोटों से लगता है कि रंजिशन उसकी हत्या की गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह
