
-माउंट आबू-बारां की रात सबसे सर्द
जयपुर, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश में धीरे-धीरे गुलाबी सर्दी का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार को प्रदेश के 12 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। आगामी दिनों में सर्दी में और इजाफा होने की संभावना है। हालांकि गुरुवार को भी जयपुर में आसमान में बादल नजर आए। इससे रात के पारे में उछाल दर्ज किया गया, वहीं दिन के पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। माउंट आबू और बारां की रात सबसे सर्द रही। माउंट आबू का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा, वनस्थली, पिलानी, सीकर, चित्तौड़गढ़, डबोक, चूरू, संगरिया, फतेहपुर और करौली का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा। राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्द्रता की औसत मात्रा 45 से 85 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 39.4 और सर्वाधिक न्यूनतम तापमान फलौदी का 27 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के रात के तापमान में 2 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 36.1 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
