Jammu & Kashmir

जम्मू-कश्मीर में असामान्य रूप से गर्म दिन याद दिला रहे गर्मियों की शुरुआत की

श्रीनगर 24 जनवरी (Udaipur Kiran) । जम्मू-कश्मीर में असामान्य रूप से गर्म दिन देखने को मिल रहे हैं जो गर्मियों की शुरुआत की याद दिला रहे हैं । पूरे प्रदेश में आज भी धूप खिली हुई है। कश्मीर के मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हो रही है जो सामान्य सर्दियों की परिस्थितियों से बिल्कुल अलग है।

हालांकि न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदू से नीचे रहना ठंड के प्रकोप को दर्शाता है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में। इस बीच श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग और सोनमर्ग में क्रमशः -8.5 डिग्री सेल्सियस और -9.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। ज़ोजिला में न्यूनतम तापमान -28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पहलगाम में -7.0 डिग्री सेल्सियस, खुदवानी में -4.9 डिग्री सेल्सियस और लार्नू में -5.1 डिग्री सेल्सियस शामिल हैं।

जम्मू में तापमान कश्मीर की तुलना में ज्यादा दर्ज किया गया। जम्मू शहर में 6.1 डिग्री सेल्सियस और कटरा में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान पाडर रहा जहां तापमान -4.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि भद्रवाह में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लद्दाख में अत्यधिक ठंड जारी रही, लेह और कारगिल दोनों में न्यूनतम तापमान -11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पृथ्वी पर सबसे ठंडे बसे हुए स्थानों में से एक के रूप में जाने जाने वाले द्रास में -22.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

(Udaipur Kiran) / सुमन लता

Most Popular

To Top