CRIME

इनामी तस्कर के अज्ञात लोगों ने पैर तोड़ सड़क किनारे फेंका, पुलिस ने कराया चिकित्सालय में भर्ती

चित्तौड़गढ़ पुलिस के वांछित ईनामी तस्कर को गंभीरावस्था में उदयपुर रैफर किया।

चित्तौड़गढ़, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पुलिस के लिए सिर दर्द बने और लम्बे समय से फरार चल रहा 25 हजार का इनामी तस्कर आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। प्रदेश व देश के विभिन्न राज्यों में तस्करी के लिए कुख्यात बदमाश श्रीराम सुथार को पुलिस ने डिटेन कर लिया है। यह तस्कर गुरुवार रात को सड़क किनारे पुलिस को घायल अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिस उसे चिकित्सालय लेकर आई, जिसे गंभीर अवस्था में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उदयपुर रैफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 25 हजार का इनामी बदमाश चित्तौड़गढ़ जिले में रहने वाला श्रीराम सुथार लम्बे समय से फरार चल रहा था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को एक स्कॉर्पियो और एक स्वीफ्ट कार से कुछ लोग श्रीराम सुथार के पास पहुंचे और उसे गाड़ी में डाल कर ले गए। इसके साथ जम कर मारपीट की। सूत्रों के हवाले से खबर है कि उन्हीं लोगों ने सुथार को सड़क पर डाल दिया और पुलिस को सूचित कर दिया। इसके बाद बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुथार को डिटेन किया है। श्रीराम सुथार की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल श्रीराम सुथार को गंभीर हालात में उदयपुर रैफर किया गया है। उसके दोनाें पैराें और हाथ पर गंभीर चोटें आई है।

तस्करी के आरोपित श्रीराम सुथार की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कई बार प्रयास कर चुकी है। आरोपित फायर कर के भी फरार हुआ है। जिले के गंगरार टोल नाके पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायर कर यह फरार हो गया था। चित्तौड़गढ़ के बल्दरखा के वांछित कुख्यात तस्कर श्रीराम सुथार पर राजस्थान और हरियाणा में करीब डेढ़ दर्जन मामले अलग-अलग थानों में दर्ज है। सुथार पर तस्करों को माल सप्लाई करने, चोरी, पेरोल से फरार होने और हथियार रखने के मामले दर्ज है। इसी कारण पुलिस ने गत साल इस पर 25 हजार का इनाम रखा था। इसे लेकर बस्सी थानाधिकारी जयेश पाटीदार ने बताया कि वांछित आरोपित श्रीराम सुथार की पुलिस तलाश में जुटी थी। यह बीती रात को पुलिस को घायलावस्था में मिला था। इसे उदयपुर रैफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व श्रीराम सुथार के बल्दरखा स्थित बाड़े में दबिश देकर पुलिस ने 18 क्विंटल डोडा चूरा, करीब 7 किलो अफीम, एक पिस्टल आदि बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत संपत्ति जब्त की थी। पुलिस ने यहां से 9 गाड़ियां भी जब्त की थी। वहीं इसके खाते फ्रीज किए थे। बताया जाता है कि सुथार की फ्रीज की संपत्ति को बाद में मुक्त कर दिया गया लेकिन कुख्यात तस्कर को पुलिस तलाश कर रही थी।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top