HEADLINES

केन्द्रीय पर्यटन मंत्री शेखावत ने विश्व धरोहर सांची स्तूप का किया भ्रमण

केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने विश्व धरोहर साँची स्तूप का किया भ्रमण

रायसेन, 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय अपने प्रवास के दौरान रायसेन जिले के सांची में स्थित विश्व धरोहर बौद्ध स्तूप का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बौद्ध स्तूपों सहित अन्य धरोहरों का अवलोकन किया।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भोपाल में शुरू हो रहे इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के 39वें तीन राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे हैं। दोपहर में केंद्रीय पर्यटन मंत्री सांची स्थित विश्व धरोहर बौद्ध स्तूप पहुंचे। यहां केंद्रीय मंत्री शेखावत का भारतीय संस्कृति के अनुरूप तिलक लगाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। शेखावत ने बौद्ध स्तूपों सहित अन्य धरोहरों को देखा तथा उनकी सुंदरता, बनावट शैली देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। बौद्ध स्तूपों के साथ ही यहां के नैसर्गिक सौंदर्य ने भी उन्हें अपनी ओर आकर्षित किया।

इस दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों ने उन्हें भगवान बौद्ध की शिक्षाओं और सम्राट अशोक के संदेशों से अवगत करवाया। उन्हे सांची स्तूपों की बनावट शैली, उनके ऐतिहासिक तथा पुरातात्विक महत्व के बारे में अवगत कराया। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार लगातार काम कर रही है। पर्यटन स्थलों को टूरिस्ट सर्किट से जोड़ा जा रहा है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही रोजगार के नवीन अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर अरविंद दुबे, पुलिस अधीक्षक पंकज पाण्डे, क्षेत्रीय निदेशक भुवन विक्रम, अधीक्षण पुरातत्वविद मनोज कुर्मी, सहायक पुरातत्वविद एमसी जोशी तथा साँची स्तूप प्रभारी संदीप मेहतो सहित अनय अधिकारी उपस्थित रहे।

—————–

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top