
दुमका, 11 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के संताल परगना स्टूडेंट यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
मांगों में संताली भाषा के लिए देवनागरी लिपि का उपयोग ही यथावत जारी रखने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन अध्यक्ष विमल मुर्मू कर रहे थे। अध्यक्ष ने कहा कि संताली भाषा प्राचीन भाषाओं में से एक है। उसका अपना मानक और स्टैंडर्ड रूप है। लेकिन कुछ लोग सुनियोजित तरीके से इस भाषा के मानक रूप को बर्बाद करने एवं आदिवासियों को आपस में लड़ाने के उद्देश्य से किसी विशेष लिपि की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। ओडिशा प्रायोजित लोग यहां के लोगों को गुमराह करने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भाषा की शुद्धता और अस्मिता पर किसी की भी प्रकार की आंच नहीं आने दिया जायेगा। साथ ही प्राथमिक से उच्च स्तर तक शिक्षक बहाली की प्रक्रिया भी प्रारंभ करने की मांग की। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष विनोद हांसदा, दिलिप टुडू, आनंद हेम्ब्रम, कुलदीप सोरेन, राजेश पौरिया सहित अन्य छात्र उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार
