
नई दिल्ली, 01 मई (Udaipur Kiran) । बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को गुरुवार को केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न सम्मान से सम्मानित किया।
यह जोड़ी 2023 में बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन रैंकिंग में विश्व नंबर-1 बनी थी और हांगझो एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक भी जीता था। 2023 में उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया था, लेकिन टूर्नामेंट प्रतिबद्धताओं के चलते वे समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे।
खेल मंत्री डॉ. मांडविया ने इस अवसर पर कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल रत्न देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। सात्विक और चिराग, आप दोनों ने अपनी असाधारण प्रतिभा और कड़ी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। जब कोई खिलाड़ी पोडियम पर तिरंगे के साथ खड़ा होता है, तो वह केवल उसकी नहीं, पूरे देश की उपलब्धि होती है। देश का गौरव बढ़ाने के लिए आपको यह सम्मान दिया गया है।
चिराग बोले – ये सम्मान काफी पहले मिलना था
चिराग शेट्टी ने पुरस्कार मिलने पर खुशी जताते हुए कहा, “ये सम्मान हमें पहले ही मिल जाना चाहिए था। यह 2023 में घोषित हुआ था, लेकिन हम तब व्यस्त थे। अब इसे पाकर बेहद गर्व महसूस हो रहा है। जब से हम दोनों की जोड़ी बनी है, भारत सरकार ने हमें लगातार समर्थन दिया है। हमारी हर बड़ी जीत – चाहे विश्व नंबर-1 बनना हो, एशियन गेम्स गोल्ड हो या थॉमस कप, इसमें सरकार की बड़ी भूमिका रही है।”
सात्विक बोले – सरकार ने हमारी राह आसान की
सात्विक ने कहा, “पिछले साल हम राष्ट्रपति भवन जाकर पुरस्कार नहीं ले पाए थे। अब जाकर यह मिलना हमारे आत्मविश्वास को बढ़ाता है, खासकर तब जब हम कुछ समय के लिए ब्रेक पर हैं। सरकार की योजनाएं जैसे ‘खेलो इंडिया’ और ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ (टॉप्स) युवाओं को बहुत मदद कर रही हैं। जब हमने खेलना शुरू किया था, तब आर्थिक तंगी थी, लेकिन सरकार के समर्थन के बाद हमारी राह आसान हो गई।”
अगला लक्ष्य – सिंगापुर और इंडोनेशिया ओपन
भारतीय जोड़ी ने इस साल जनवरी में मलेशिया ओपन और इंडिया ओपन में पोडियम फिनिश किया था। हालांकि, उसके बाद चोटों ने उनकी लय को प्रभावित किया। अब उनकी नजर 27 मई से 1 जून तक होने वाले सिंगापुर ओपन और 3 से 8 जून तक होने वाले इंडोनेशिया ओपन पर है।
—————
(Udaipur Kiran) दुबे
