RAJASTHAN

केवल अंक लाना जीवन का अंत नहीं : केंद्रीय मंत्री शेखावत

केवल अंक लाना जीवन का अंत नहीं : केंद्रीय मंत्री शेखावत

अजमेर, 8 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि केवल अंक लाना जीवन का अंत नहीं है। अंक और अंत में बहुत अंतर होता है। हम सबको देश के लिए बहुत कुछ करना है, इस यथार्थ को समझते हुए आगे बढ़ते रहना है।

केंद्रीय मंत्री शेखावत रविवार को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित छात्र सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने अध्ययन काल में कम नंबर लाए थे, उन्होंने भी अपनी किसी एक विद्या में पारंगत होकर अपने जीवन में एक अलग मुकाम हासिल किया, और देश के विकास में अप्रतिम योगदान दिया। उन्होंने छात्रों से कहा कि आप जिस भी क्षेत्र में अपने भविष्य का चुनाव करें, उस क्षेत्र में श्रेष्ठतम प्रदर्शन कर सकते हैं, इस विचार के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत होगा, जिसमें आप सबकी भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण होगी। आप देश की सबसे बड़ी सौभाग्यशाली पीढ़ी हैं, क्योंकि देश उस रास्ते चल पड़ा है, जब पूरी दुनिया की निगाहें भारत पर हैं, अब भारत को बदलने से कोई नहीं रोक सकता है।

उन्होंने कहा कि जब भारत विकसित होगा, तब आप सभी यह गर्व करेंगे कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने में आप सबका योगदान अहम रहा। यह आपका दोहरा सौभाग्य होने के साथ ही दोहरी जिम्मेदारी भी होगी, इसलिए, इस उत्तरदायित्व के साथ आपको आगे बढ़ने की जरूरत है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top