HEADLINES

केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के श्रीविजय पुरम में साई केंद्र का किया दौरा

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के श्री विजय पुरम में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र का दौरा करने के दौरान केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे

नई दिल्ली, 22 जनवरी (Udaipur Kiran) । केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों की राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के श्रीविजय पुरम में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय खेल सुविधाओं की समीक्षा की और उपलब्ध खेल संसाधनों के बारे में जानकारी एकत्र की तथा खेल के अन्य क्षेत्रों में आगे के विकास के लिए नए उपायों पर चर्चा की।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा का प्राथमिक उद्देश्य खेल क्षेत्र में स्थानीय प्रगति का आकलन करना और एथलीटों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाना था। यात्रा के दौरान मंत्री खडसे ने खेल परिसर, प्रशिक्षण केंद्र और वहां के युवा एथलीटों की प्रगति के बारे में चर्चा की। उन्होंने खेल क्षेत्र में नवाचारों, खेल विकास में हुई प्रगति और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बातचीत की।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारतीय खेल प्राधिकरण के दो प्रमुख केंद्र हैं। इन केंद्रों पर एथलेटिक्स, साइकिलिंग, फुटबॉल, कयाकिंग, कैनोइंग, रोइंग और भारोत्तोलन का प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां 150 से अधिक एथलीटों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हैं। मंत्री खडसे ने एथलीटों से बातचीत करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं के महत्व पर जोर दिया और उन्हें 2036 ओलंपिक में भारत की संभावित भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी, जिनमें सहायक निदेशक देबस्मिता बल, अन्य कोच और खेल क्षेत्र के युवा एथलीट भी मौजूद रहे।

————

(Udaipur Kiran) / दधिबल यादव

Most Popular

To Top