Uttrakhand

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले- देश ने प्रधानमंत्री बनने के लिए राष्ट्र विभाजन वाले नेता देखे हैं

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले- देश ने पीएम बनने के लिए राष्ट्र विभाजन वाले नेता देखे हैं

देहरादून, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2024 विकेंद्रित अर्थनीति एवं विकेंद्रित अर्थव्यवस्था को दर्शाने वाला है। इसमें देश का समग्र विकास समाहित है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि देश ने प्रधानमंत्री बनने की जिद्द के लिए राष्ट्र विभाजन वाले नेता देखे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2047 के विजन पर काम करते हैं।

देहरादून के पेसिफिक होटल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रबुद्ध सम्मेलन में मुख्य वक्ता केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि वर्तमान बजट 2047 में विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इसमें सभी राज्य और प्रत्येक व्यक्ति की समृद्धता व खुशहाली निहित है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने कांग्रेस के ऐसे प्रधानमंत्री देखें हैं जिनकी प्रधानमंत्री बनने की जिद्द ने भारत—पाकिस्तान का विभाजन किया था। वहीं आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 वर्ष आगे के भारत के लिए काम करते हैं। यही वजह है कि भाजपा की नीतियां और बजट में विकसित भारत के लक्ष्य की रूपरेखा स्पष्ट नजर आती है।

उन्होंने वर्तमान बजट को आजादी के बाद का सबसे बेहतरीन बजट बताया। उन्होंने कहा कि इसमें प्रत्येक वर्ग की चिंता की गई है। प्रधानमंत्री मोदी अपने कल को त्यागकर देश को सर्वशक्तिमान एवं देशवासियों को समृद्ध बनाने के योजना बनाते हैं। बजट में किसान, जवान, युवा, महिला, बजुर्ग, समाज के सभी वर्गों के कल्याण का विशेष ध्यान रखा गया है।

स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने एक विदेशी के भारत के हालात पर तंज कसने पर कहा था कि 21वीं सदी का भारत भूखा, बेबस अशिक्षित, बेघर नहीं विश्व गुरु बनकर विश्व पटल स्थापित होगा। एक नरेन्द्र ने भारत के पुनः विश्व गुरु होने की भविष्यवाणी की थी और दूसरा नरेन्द्र आज उसी सपने को पूरा करने का काम कर रहा है।

विकास की नई इबारत लिखेगा केंद्रीय बजट

प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने केंद्रीय बजट को देश के साथ उत्तराखंड के लिए भी विकास की नई इबारत लिखने वाला बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चौथे चरण में अब प्रदेश का छोटे से छोटा गांव भी सड़क के जरिए विकास योजनाओं से जुड़ जाएगा। इसी तरह केंद्र द्वारा बाढ़ एवं आपदा की स्थिति में मदद मिलने से जनधन हानि कम करने के साथ विकास की रफ्तार बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। बजटीय प्रावधान के बाद प्रदेश में रेलमार्ग सुविधाओं में विस्तार होने से राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। सड़क एवं अन्य आधारभूत संरचना के लिए जारी बजट, कृषि पर्यावरण एवं रोजगार को लेकर की गई घोषणाएं, स्वास्थ एवं आम लोगों के रोजमर्रा से जुड़ी तमाम योजना का लाभ उत्तराखंड के लोगों को भी मिलने वाला है।

प्रधानमंत्री मोदी का देवभूमि से विशेष लगाव, बजट से उत्तराखंड को मिलेगा सर्वाधिक लाभ

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय बजट को सर्वस्पर्शी, सर्वग्राही और सबकी खुशहाली का बजट बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि से विशेष लगाव है। यही वजह है कि राज्य के लिए अलग से की गई घोषणाओं के अतिरिक्त सभी योजनाओं का सर्वाधिक लाभ उत्तराखंड को मिलना तय है।

सम्मेलन संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल गोयल के संचालन में हुए कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, पूर्व मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, ऋषिकेश पूर्व मेयर अनीता मंमगई, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान आदि उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top