
इंदौर, 7 जून (Udaipur Kiran) । जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इंदौर आगमन पर उनसे सौजन्य भेंट की। मंत्री सिलावट ने उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रधान से सांवेर विधानसभा के निपानिया क्षेत्र में नवीन केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग की।
मंत्री सिलावट ने केंद्रीय मंत्री प्रधान को अवगत कराया की सांवेर विधानसभा अंतर्गत नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 36 के निपानिया क्षेत्र में 60 से अधिक कॉलोनियां, केन्द्रीय संगठन के कार्यालय एवं औद्योगिक इकाईयां तथा कई अस्पताल हैं। यहां की आबादी लगभग एक लाख से अधिक है, जिनमें सैकड़ों केन्द्रीय अधिकारी-कर्मचारी निवास करते हैं।
उन्होंने बताया कि निपानिया के इस क्षेत्र में केन्द्रीय विद्यालय नहीं होने से केन्द्रीय औद्योगिक इकाईयों के अधिकारियों-कर्मचारियों के बच्चों को शिक्षा अर्जन हेतु शहर से दूर जाना पड़ता है, जिसके कारण बच्चों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। उक्त क्षेत्र में केन्द्रीय विद्यालय की नवीन शाखा खोलने हेतु पर्याप्त भूमि एवं संसाधन उपलब्ध है।
मंत्री सिलावट ने आग्रह किया कि विधानसभा क्षेत्र सांवेर अंतर्गत इंदौर नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 35 के निपानिया क्षेत्र में एक केन्द्रीय विद्यालय स्वीकृत करने हेतु समुचित आदेश प्रदान करें।
(Udaipur Kiran) तोमर
