

— विद्यार्थी सुविधाओं का लिया जायज़ा, छात्रों से किया संवाद
वाराणसी, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । आईआईटी बीएचयू के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद सोमवार को केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बीएचयू के ऐतिहासिक सयाजी राव गायकवाड़ केन्द्रीय ग्रंथालय का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने पुस्तकालय को और समृद्ध बनाने तथा विद्यार्थी सुविधाओं को उन्नत करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रयासों की जानकारी ली। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने पुस्तकालय में मौजूद छात्रों से भी संवाद भी किया।
केन्द्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि बीएचयू ग्रंथालय अत्यंत समृद्ध है । यहां अनेक दुर्लभ पांडुलिपियों के साथ पुस्तकें हैं। जो भारतीय ज्ञान परम्परा के अपार भंडार को सहेजे हुए है। उन्होंने पुस्तकालय के ज्ञान भंडार को ज्ञानार्थियों तक प्रभावी ढंग से पंहुचाने के लिए तकनीक व नई पद्धतियों के प्रयोग पर भी जोर दिया। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने सुझाव दिया कि विश्व के प्रख्यात व प्रतिष्ठित पुस्तकालयों में उपयोग की जा रही श्रेष्ठ पद्धतियां अपनाने के बारे में भी विचार किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों व शोधार्थियों को पुस्तकालय का लाभ पंहुचाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कई नई पहल की है। इनमें पुस्तकालय को अधिक समय तक खोलना, अध्ययन कक्ष की क्षमता में वृद्धि करना, एवं पुस्तकालय को अधिक संसाधन उपलब्ध कराना आदि शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के ग्रंथालयी डॉ. डी. के. सिंह ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पुस्तकालय को मिलने वाली आर्थिक राशि में उत्साहजनक वृद्धि हुई है, जिससे इसकी सुविधाएं अधिक लोगों तक पंहुच पा रही हैं। उन्होंने बताया कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का सयाजी राव गायकवाड़ केन्द्रीय ग्रंथालय देश भर में अपना विशिष्ट स्थान रखता है तथा इसके आधुनिकीकरण व सुविधाएं उन्नत करने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा भरपूर सहयोग व संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने पुस्तकालय की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन भी किया।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
