
यमुनानगर, 21 नवंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार द्वारा पहली कलम से हरियाणा कौशल रोजगार निगम के एक लाख 20 हजार कर्मचारियों को पक्का करने और कर्मचारी रोजगार सुरक्षा एक्ट पास करने की खुशी में कर्मचारी कल्याण संघ हरियाणा के सभी कार्यकर्ता एवम् कर्मचारियों ने यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा को मिठाई खिलाकर बधाई दी। वहीं हरियाणा भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया।
गुरुवार को यह जानकारी देते हुए जिला सचिव नरेश कुमार ने बताया कि अब कौशल कर्मचारियों को पक्के कर्मचारी के समान मंहगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।जिसको लेकर कर्मचारियों के अन्दर सरकार के प्रति उत्साह और खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तीसरी बार सरकार बनने पर अपने किए हुए वादे को पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि पहले ठेकेदार की मनमानी के चलते कर्मचारियों का शोषण होता था और वेतन भी कम मिलता था। लेकिन अब वेतन में सरकार ने आठ प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके अलावा पहले कर्मचारी को न तो प्रॉविडेंट फंड मिलता था और ना ही ईएसआई का लाभ मिलता था। लेकिन अब इन सभी सुविधाओं के मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इसके लिए हम सभी कौशल रोजगार निगम के कर्मचारी सरकार का और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हैं।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
