
पूर्वी चंपारण,01 जून (Udaipur Kiran) ।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को कृषि विज्ञान केंद्र पीपराकोठी आयेंगे,जहां विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर प्रगतिशील किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान कृषि मंत्री 6.14 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। तत्पश्चात दो हजार किसानों साथ तिरंगा यात्रा निकालेंगे।
रविवार को पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया, जिसके बाद उन्होने पत्रकारो को बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार पूरे देश भर में भ्रमण कर रहे हैं। और जगह-जगह किसानों से वार्तालाप भी कर रहे हैं। इस भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को पीपराकोठी कृषि विज्ञान केन्द्र में सुबह 9 बजे आगमन सुनिश्चित हुआ है।उन्होने बताया कि भारत सरकार कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के द्वारा 29 से 12 जून तक देशव्यापी महत्वकांक्षी महाभियान की शुरूआत की गई है, जिसे विकसित कृषि संकल्प अभियान के नाम से पूरे देश में चलाया जा रहा है। यह देशव्यापी अभियान पूरे देश के सात सौ जिलों में एक साथ चलाया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में दो हजार से अधिक वैज्ञानिकों की टीम किसानों की खेतों तक जाकर तकनीकी जानकारियां दे रहे हैं। इस कार्यक्रम से 15 दिनों में डेढ़ करोड़ किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्वी चम्पारण के दोनों कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक की दो-दो टीमें तैयार की गई हैं। और प्रत्येक टीमें एक दिन में तीन-तीन गांवों का भ्रमण कर रहे हैं। हर कार्यक्रम में दो सौ से अधिक किसानों को एकत्रित कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से खेती करने की जानकारियां दे रहे हैं। किसानों की आय कैसे बढ़े एवं उनकी आय दुगुनी कैसे हो इस पर चर्चाएं कर रहे है।इसके साथ ही गांव और किसानों से जुड़ी समस्याओं की रूपरेखा भी तैयार कर रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार
