HEADLINES

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बाढ़ प्रभावित बुडामेर कैचमेंट का किया हवाई सर्वेक्षण

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान  बुडामेर  कैचमेंट का  हवाई सर्वेक्षण करते हुए

नई दिल्ली, 05 सितंबर (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुडामेर कैचमेंट का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्हाेंने जक्कमपुडी मिल्क फैक्टरी, कंद्रिका, अजीत सिंह नगर, अंबापुरम सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी जायजा लिया। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य क्षेत्र की बाढ़ की स्थिति व क्षतिग्रस्त फसल का आकलन करना है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने इससे पहले दिन में अपने सर्वेक्षण का विवरण साझा करते हुए कहा, आज, मैं विजयवाड़ा और आंध्र प्रदेश के अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करूंगा और किसानों सहित स्थानीय निवासियों के साथ बात करूंगा। मैं बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विजयवाड़ा में अधिकारियों के साथ बैठक भी करूंगा।‘‘ शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार काे तेलंगाना के खम्मम जिले और अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उनके साथ केंद्रीय कृषि मंत्रालय की एक टीम भी होगी।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने दाैरे के दाैरान कहा कि अधिकारी फसल क्षति का आकलन करने के लिए राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रही है।

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज साेशल मीडिया एक्स पर अपने पाेस्ट में कहा, ”संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के साथ पूरी तरह से खड़ी है और संकट से उबरने में उनकी हर संभव मदद करेगी।

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने एक दिन पहले जारी बयान में कहा कि राज्य में बाढ़ की वजह से 19 लोगों की मौत हो गई है। 200 जानवर मृत पाए गए हैं। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्राें से 600,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है। भारी बारिश ने विशेष रूप से कृष्णा और गुंटूर जिलों को प्रभावित किया है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और 129 हेक्टेयर भूमि पर जलभराव हो गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / बिरंचि सिंह

Most Popular

To Top