





जौनपुर, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । 76वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ रविवार को जिले में समारोह पूर्वक मनाया गया। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और भव्य परेड की सलामी ली। पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने भी परेड का निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व आईपीएस आयुष श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसने पूरे जिले में देशभक्ति का माहौल बना दिया। सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र और दीवानी न्यायालय में जिला जज द्वारा ध्वजारोहण किया गया। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक ने परेड कमांडरों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हए राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने देश को आजाद करने वाले शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश को आजाद करने वाले महात्मा गांधी, भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, बिस्मिल्लाह खान, सरदार भगत सिंह, लाला लाजपत राय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन करता हूं। जिसके कारण आज हम आजाद भारत में स्वतंत्रता की सांस ले रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति पथ पर अग्रसर है। आज भारत देश G-20 की मेजबानी कर चुका है। तमाम ऐसे देश जो कभी भारत काे नीची निगाह से देखते थे। आज भारत उनके बराबर कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। केंद्र सरकार द्वारा तमाम तरह की योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसके कारण देश से गरीबी मिट रही है। भारत देश आज विश्व पटल के मानचित्र पर स्थापित है। सेना और पुलिस के जवानों के कारण ही आज हम आराम से घूम रहे हैं इनका भी हम नमन वंदन करते हैं। इस अवसर पर न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ प्रमुख नागरिकों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से परेड का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
