Madhya Pradesh

मप्र: राहुल गांधी के अभय मुद्रा वाले बयान पर भड़की उमा भारती, कहा- त्रिशूल तलवार वाला हाथ भी देख लें

भोपाल, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने तीन दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय देवी-देवताओं की अभय मुद्रा पर बात की। अब अपने बयान की वजह से राहुल गांधी बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। बीजेपी नेता लगातार उन पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उमा भारती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी से देवी-देवताओं के अभय मुद्रा के साथ उनके शस्त्रों की चर्चा करने का आग्रह किया है।

नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के एक कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं की अभय मुद्रा की चर्चा की है। उनके अभय मुद्रा वाली बात पर उमा भारती ने सियासी हमला बोला है। उमा भारती ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट करते हुए लिखा राहुल गांधी जी ने पहले संसद में और अब अमेरिका में हमारे देवी देवताओं की अभय मुद्रा की चर्चा की। दूसरे हाथ को भी हम देखें जिसमें त्रिशूल, तलवार या धनुष बाण है। वह एक हाथ की अभय मुद्रा और एक हाथ का शस्त्र क्या कहता है? ठीक से चलो तो अभय और मर्यादाएं लांघीं तो शस्त्र का प्रयोग। राहुल गांधी जी थोड़ा दूसरे हाथ की भी चर्चा करें।

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टेक्सास में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत की राजनीति से प्यार, सम्मान और विनम्रता गायब हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों में रोजगार की समस्या है। भारत में भी रोजगार की समस्या है, लेकिन चीन में रोजगार की समस्या नहीं है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि भारत में देवता का मतलब सिर्फ भगवान नहीं होता है। देवता वह शख्स होता है जो कि अंदर जैसा महसूस करता है। वैसा ही बाहर उसके एक्सप्रेशन दिखते हैं। इसे देवता कहा जाता है। ऐसी ही हमारी राजनीति में होता है। खुद के मंसूबों को खत्म करके लोगों के बारे में सोचना चाहिए। जैसा जनता महसूस करते हैं। वैसे ही नेता एक्सप्रेशन देता है। आगे राहुल गांधी ने कहा कि खुद के आइडिया को खत्म करके लोगों के बारे में सोचना ही देवता होना है। भगवान राम, बुद्ध, महात्मा गांधी जैसे लीडर्स ऐसे ही थे। यही हिंदुस्तान के नेता और अमेरिका के नेताओं में भी फर्क है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top