WORLD

रूस के कुर्स्क क्षेत्र में अमेरिकी ग्लाइड बमों का इस्तेमाल करने का यूक्रेन ने किया दावा

यूक्रेन रूस

कीव, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । रूस के कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन ने अमेरिकी ग्लाइड बमों का इस्तेमाल करने और खारकीव के पूर्वी क्षेत्र में पुनः कब्जा करने का दावा किया है। हालांकि रूस ने खारकीव में बड़ा आक्रमण शुरू किया था। यूक्रेन के वायुसेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मायकोला ओलेशुक ने गुरुवार रात एक वीडियो जारी किया, जिसमें कुर्स्क क्षेत्र में रूसी प्लाटून बेस पर हमला होते दिखाया गया। उन्होंने कहा कि जीबीयू-39 बमों से किये गए हमले में रूसी हताहत हुए तथा उपकरण नष्ट हो गए। वीडियो में कई विस्फोट और घटनास्थल पर धुएं का गुबार उठता हुआ दिखाया गया।

यूक्रेन की सेना की एक अन्य आक्रमण ब्रिगेड ने एक बयान में कहा कि उसके सैनिक खारकीव क्षेत्र में लगभग दो वर्ग किलोमीटर तक आगे बढ़ गए हैं। हालांकि यह यह जानकारी नहीं दी गयी है कि हमला कब किया गया और आक्रमण का क्षेत्र क्या था। यह अनुमान लगाना कठिन है कि इसका युद्धक्षेत्र पर और अधिक प्रभाव पड़ेगा या नहीं।

यूक्रेन द्वारा खारकीव क्षेत्र में कथित जवाबी हमला ऐसे समय में किया गया है, जब उसकी सेनाओं ने इस महीने युद्ध के मैदान में बदलाव किया है। कीव ने छह अगस्त को रूस के पश्चिमी कुर्स्क क्षेत्र में एक आक्रामक हमला किया था, साथ ही सैन्य और ईंधन लक्ष्यों के खिलाफ ड्रोन युद्ध को तेज कर दिया। इन हमलों में रूस को बड़े नुकसान का दावा किया गया। शुक्रवार को इन हमलों से हुए नुकसान और घायलों के बारे में कुछ नए विवरण सामने आए।

‘एसोसिएटेड प्रेस’ द्वारा शुक्रवार को विश्लेषण की गई उपग्रह तस्वीरों से पता चला है कि वोल्गोग्राद क्षेत्र में सुदूर रूसी हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए यूक्रेनी ड्रोन हमले में वहां काफी नुकसान पहुंचा है। इस हवाईअड्डे पर कथित तौर पर युद्ध में मॉस्को द्वारा इस्तेमाल किए गए ग्लाइड बम रखे गए थे।

इस बीच, रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र के कावकाज बंदरगाह पर गुरुवार को एक मालवाहक नौका पर हुए हमले में 13 लोग घायल हो गए। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यूक्रेन को हाल में युद्ध में मिली बढ़त से उसके सैनिकों के हौसले बुलंद है।

यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगियों को उम्मीद है कि रूस के खिलाफ मिली यह बढ़त कूटनीतिक मोर्चे पर कीव की स्थिति को मजबूत करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / अजीत तिवारी / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top