Madhya Pradesh

उज्जैन: नगर गेर निकली…….शहर का आसमान हुआ सतरंगी

Ujjain: Nagar fair took place......the sky of the city became rainbow coloured

उज्जैन, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । शहर में बुधवार सुबह महाकाल मंदिर से गोपाल मंदिर तक नगर गेर का आयोजन हुआ। नगर निगम के तत्वावधान तथा महापौर मुकेश टटवाल की अगुआई में नगर गेर का आनंद पूरे शहरवासियों ने लिया। रंगीन पानी और गुलाल की बौछार के साथ शहरवासियों ने रंगपंचमी पर्व पर स्वयं को और अपने साथियों को पूरी तरह से रंग लिया था। एक समय था जब इंदौर की गेर की चर्चा शहर में होती थी। अब उज्जैन की नगर गेर चर्चा में रहती है। इधर निगम के स्वच्छताकर्मियों ने भी अच्छा उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होने नगर गेर के मार्ग की सड़कों को पानी से पूरी तरह से धो दिया। दोपहर बाद ऐसा लग रहा था मानो यहां से गेर निकली ही न हो…।

शहर में मंगलवार रात से ही रंगपंचमी का पर्व आकार लेने लगा था। व्यापारिक क्षेत्रों में दुकान बंद करने के बाद ही होली मन गई थी। इधर बुधवार सुबह से शहर के गली-मौहल्लों-चौराहों पर रंगपंचमी की रौनक दिखाई देने लगी। रंगे-पुते चेहरे शहर की सड़कों पर दो पहिया वाहनों पर दिखने लगे। जो बगैर रंग के दिखाई देता,उसे रोककर रंग देते।

इधर सुबह 9 बजे तक शहरभर के कदम महाकाल मंदिर की ओर चल पड़े। महापौर मुकेश टटवाल महाकाल मंदिर गर्भगृह की दहलीज पर पहुंचे ओर बाबा के चरणों में गुलाल अर्पित करने हेतु पुजारी को दी। पश्चात महाकाल मंदिर से गेर प्रारंभ हुई। गेर कोट मौहल्ला चौराहा, गुदरी,पटनी बाजार होकर गोपाल मंदिर पहुंची। रास्ते भर निगम के टेंकरों से रंगीन पानी की बौछार होली के दिवानों पर होती रही। बीच-बीच में गुलाल और पूष्प वर्षा का दौर जारी रहा। डीजे की धुन पर लोग थिकरते रहे। नगर गेर समाप्त होने के बाद लौटती टोलियों ने रास्ते भर होली खेली। तेज धूप भी उनका उत्साह भंग नहीं कर पाई।

नगर निगम की ओर से नगर गेर हेतु 20 क्विंटल गुलाल, 30 किग्रा रंग, सेंट, 4 डीजे, 3 फायर फायटर, तासा पार्टी, 2 वाटर लॉरी, 1 ध्वज वाहन, 1 ओपन जीप, 1 स्प्रींकल वाहन, 1 पीकअप वाहन, 1 बैण्ड, गुलाल उड़ाने हेतु ब्लोवर आदि का इंतजाम किया गया था। वहीं गेर के पिछे स्वच्छताकर्मी चल रहे थे। वे सड़क को हाथों हाथ फायर फायटर के पाइप से धोते,साफ करते जा रहे थे।

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल

Most Popular

To Top