![उदयपुर: महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, पुलिस जांच में जुटी उदयपुर: महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, पुलिस जांच में जुटी](https://hs.sangraha.net/NBImages/3000/2025//01//25/9dc7a937dff12f19cf1c2a3f295d0a82_530568252.jpg)
उदयपुर, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । उदयपुर के सूरजपोल चौराहे पर शनिवार देर शाम काे एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जब एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग लगने के बाद महिला दर्द से चीखते हुए चौराहे पर दौड़ती रही। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत हरकत में आते हुए महिला को बचाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला को सूरजपोल थाना पुलिस और लोगों की सहायता से अस्पताल में ऑटो के माध्यम से पहुंचाया गया। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला एक बोतल में पेट्रोल लेकर आई और खुद पर उड़ेल कर खुद को आग लगा दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। चौराहे पर हुए इस हादसे से स्थानीय लोग सदमे में हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और महिला के इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / सुनीता
![](https://rajasthankiran.com/wp-content/uploads/2022/09/udaipurkiran-3.png)