RAJASTHAN

गायत्री शक्तिपीठों में होंगे दो से तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव

गायत्री शक्तिपीठों में होंगे दो से तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव

जयपुर, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । गुरु-शिष्य के अटूट स्नेह संबंधों का महापर्व गुरु पूर्णिमा 21 जुलाई को मनाया जाएगा। छोटीकाशी में दो से तीन दिवसीय आयोजन होंगे। इसी कड़ी में गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा ने बताया कि 19 जुलाई को सुबह छह से शाम पांच बजे तक साधना कक्ष में अखंड दीपक के समक्ष सबकी सद्बुद्धि की कामना के साथ अखंड गायत्री मंत्र जप किया जाएगा। इसमें तीनों गायत्री शक्तिपीठ, सभी गायत्री चेतना केंद्र और प्रज्ञा मंडलों के परिजन गुरु सत्ता के संरक्षण में वेदमाता गायत्री के चित्र के आगे बैठकर शांतिपूर्वक गायत्री महामंत्र का जप करेंगे। दूसरे दिन 20 जुलाई को दोपहर दो से शाम चार बजे तक शक्तिपीठ के ऑडिटोरियम में संगीतमय गुरु गीता के पाठ होंगे। प्रारंभ में गुरु वंदना और देव पूजन होगा। 21 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का मुख्य उत्सव होगा। सुबह आठ से ग्यारह बजे तक नौ कुंडीय महायज्ञ होगा। इस मौके पर समाधि स्थल सजल श्रद्धा और प्रखर प्रज्ञा पर गुरु चरण पादुका पूजन किया जाएगा। नए साधकों को गुरु दीक्षा दी जाएगी। यज्ञोपवीत, पुसंवन, नामकरण सहित अन्य संस्कार भी कराए जाएंगे।

राष्ट्र निर्माण के लिए देंगे आहुतियां

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित श्री वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केंद्र में गुरु-शिष्य परंपरा का अनुशासन पर्व गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाएगा। यहां दो दिन विभिन्न कार्यक्रम होंगे। केन्द्र के व्यवस्थापक आर डी गुप्ता ने बताया कि शनिवार, 20 जुलाई को सुबह छह से शाम साढ़े पांच बजे तक अखंड जप और साढ़े पांच बजे दीप यज्ञ होगा। प्रज्वलित दीपकों में श्रद्धा के अटूट अक्षत से विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की जाएगी। 21 जुलाई को सुबह नौ बजे से गुरु पूजन, नौ कुंडीय यज्ञ, गुरु दीक्षा एवं अन्य संस्कार होंगे। भारत को विश्व गुरु बनाने की कामना के साथ विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी।

गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़

गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ में 21 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। मुख्य ट्रस्टी धर्मसिंह राजावत ने बताया कि सुबह 6 से साढ़े 8 जप अनुष्ठान होगा। इसके बादसाढ़े 8 से साढ़े 11 बजे पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव होगा। जिसके पश्चात साढ़े 11 से एक बजे तक 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के संदर्भ में गोष्ठी होगी।

यहां भी होंगे आयोजन:

गायत्री शक्तिपीठ वाटिका में गुरु पूर्णिमा 21 जुलाई को सुबह पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। नए साधकों को गुरु मंत्र की दीक्षा दी जाएगी। गायत्री चेतना केंद्र जनता कॉलोनी, दुर्गापुरा, वैशाली नगर, मुरलीपुरा, गांधी नगर, प्रताप नगर, मालवीय नगर में भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव भक्ति भाव से मनाया जाएगा।

सरस निकुंज में देंगे कंठी दीक्षा

सुभाष चौक, पानो का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में धूमधाम से मनाया जाएगा। श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि इस मौके पर श्री सरस निकुंज के पूर्ववर्ती आचार्यों के चित्रपट और वाणीजी का पूजन-अर्चन कर पदावलियों का गायन किया जाएगा। वैष्णव भक्तजन अलबेली माधुरी शरण महाराज का चरण पूजन करेंगे। नए साधकों को कंठी दीक्षा प्रदान की जाएगी।

(Udaipur Kiran) सैनी

Most Popular

To Top