HEADLINES

इंदौर में फिर मिले कोरोना के दो मरीज, बुजुर्ग महिला की मौत, युवक का इलाज जारी

अरबिंदो अस्पताल के वार्ड की तस्वीर

इंदौर, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक बार फिर कोरोना के दो मरीज मिले हैं। इनमें एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। दोनों को शहर के अरबिंदो अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां सोमवार को महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं संक्रमित युवक का इलाज जारी है। महिला की उम्र 74 साल थी, जो किडनी की बीमारी से पीड़ित थी। जबकि युवक लंबे समय से सर्दी-खांसी से पीड़ित था। युवक ने पहले दूसरे अस्पताल में दिखाया, लेकिन फर्क नहीं पड़ने पर वह अरबिंदो अस्पताल पहुंचा, जहां उसकी कई प्रकार की जांचें हुईं, जिसमें कोविड की पुष्टि हुई है। युवक को अस्पताल के अलग वार्ड में रखा गया है। उसकी हालत ठीक बताई गई है। कोरोना वायरस की रोकथाम की पूरी गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है।

अरबिंदो अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद भंडारी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ मरीज ऐसे होते हैं, जिनकी सर्दी-खांसी जल्द ठीक नहीं होती है। ऐसे में उनकी एक विशेष फ्लू पैनल जांच होती है, जिसमें कई प्रकार की जांचें होती हैं। इसी में कोविड की भी जांच होती है। इसमें युवक कोविड पॉजिटिव पाया गया। उसे अलग वार्ड में आइसोलेट किया गया है। उसकी हालत अब ठीक है। अभी उसकी हालत ठीक है।

उन्होंने बताया कि 74 वर्षीय महिला इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र की रहने वाली थी। उसे किडनी की बीमारी के कारण भर्ती किया गया था। उसे सीवियर सेप्टिक था। वह कोमार्बिट पेसेंट थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसकी भी फ्लू पैनल जांच की गई। इसमें वह भी कोविड पॉजिटिव पाई गई। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉ. भंडारी ने स्पष्ट किया कि उसे कोविड था लेकिन मौत का कारण किडनी सहित अन्य बीमारियां थीं।————-

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top