
दुमका, 01 मई (Udaipur Kiran) । शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलदली गांव के पास बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि इस घटना में 4 लोग घायल हो गए, जिसका इलाज फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा के नव पहाड़ गांव की चूमकई हांसदा की शादी पाकुड़ जिला के पाकुड़िया थाना के बबूईझूटी निवासी निर्मल मुर्मू के साथ संपन्न हुई थी। शाम में शादी के बाद पार्टी भी हुआ। परिजनों का कहना है कि गुरुवार को बेटी की विदाई नहीं होती है इसलिए बुधवार देर रात दुल्हन को ससुराल के लिए विदा कर दिया गया। 4 बाइक से दुल्हन सहित 8 लोग बबूईझूटी के लिए रवाना हुए, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
बताया जा रहा है कि दलदली के पास पत्थर लोड ट्रक से एक पत्थर का टुकड़ा बाइक सवार व्यक्ति के शरीर पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। चारों बाइक चालक ने सड़क किनारे बाइक रोक दी और घायल का हाल चाल लेने लगे। इसी दौरान एक खाली ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में डुनुस सोरेन नामक व्यक्ति की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, जबकि दुल्हन सहित घायल 5 लोगों को इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।
इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई। गंभीर रूप घायल एक व्यक्ति को हायर सेंटर रेफर किया गया है जबकि 3 घायलों का इलाज फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। इस घटना में दूल्हा बाल बाल बच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार
