HEADLINES

चम्पाई की रेकी कर रहे थे झारखंड पुलिस के दो दारोगा, बड़े खेल की थी तैयारी: हिमंत बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री और झारखंड में भाजपा के सह चुनाव प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा असम में  प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए

रांची, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । असम के मुख्यमंत्री और झारखंड में भाजपा के सह चुनाव प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा ने दावा किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की जासूसी झारखंड सरकार ने कराया है। उन्होंने खुलासा करते हुए कहा कि चम्पाई सोरेन की रेकी की जा रही थी। साथ ही झारखंड से दिल्ली तक उनपर दो लोग नजर रख रहे थे। इस दौरान एक महिला के साथ मिलकर कुछ बड़े खेल की भी तैयारी थी। संभवतः हनीट्रैप की कोशिश हो रही थी लेकिन समय रहते दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।

हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर भी इस बात को साझा किया है। गुवाहाटी (असम) में बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पाई सोरेन जब रांची से कोलकाता पहुंचे और कोलकाता से फिर दिल्ली गए तो उनका पीछा किया जा रहा था। एक ही फ्लाइट से दोनों रेकी करने वाले लोग भी साथ गए। इसके अलावा जिस ताज होटल में रुके, उनके कमरे के बगल में ही रूम बुक कर दोनों रह रहे थे। चम्पाई सोरेन किससे मिल रहे हैं और कहां जा रहे हैं, इसकी फोटो और पूरी जानकारी झारखंड सरकार तक पहुंचाई जा रही थी।

हिमंता के मुताबिक, जब दोनों की गतिविधियां संदिग्ध दिखी और पूछताछ की गई तो दोनों ने खुद को पत्रकार बता दिया। जब दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया तो खुलासा हुआ कि दोनों युवक झारखंड पुलिस के स्पेशल ब्रांच के दारोगा थे। इनसे पूछताछ में जानकारी मिली कि उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। जब भी चम्पाई सोरेन दिल्ली जा रहे थे, उनके पीछे दो पुलिसकर्मी लगाए जाते थे। इस मामले में चम्पाई सोरेन ने एक केस दर्ज कराया है। अब पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिमंता ने कहा कि झारखंड में अभी चम्पाई हेमंत के कैबिनेट में मंत्री भी हैं। इस तरह से किसी के निजी जीवन में रेकी कराना सही नहीं है। शायद देश में ऐसा मामला पहला होगा, जहां पूर्व मुख्यमंत्री सह मंत्री पर नजर रखी जा रही हो। इस मामले में झारखंड पहुंचने के बाद राज्यपाल संताेष कुमार गंगवार से भी मुलाकात कर उनको जानकारी देंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / शारदा वन्दना / चन्द्र प्रकाश सिंह

Most Popular

To Top