HEADLINES

दो बुजुर्ग महिलाओं का दिन दहाड़े किया अपहरण, एक बदमाश पकड़ा गया

दो बुजुर्ग महिलाओं का दिन दहाड़े किया अपहरण, एक बदमाश पकड़ा गया

अजमेर, 14 सितम्बर (Udaipur Kiran) । राजस्थान के अजमेर में शनिवार 14 सितंबर 2024 की सुबह लगभग पाैने आठ बजे दिल्ली नम्बर की महिंद्रा कंपनी की एसयूवी वाहन में करीब 3 से 4 बदमाशों द्वारा दो महिलाओं का अपहरण करके ले जाने का मामला प्रकाश में आने पर पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई। जिला पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम प्रभारी ने तुरंत जनाना अस्पताल कायड़ एमडीएस यूनिवर्सिटी तथा आसपास के इलाके में नाकाबंदी करवा दी। पुलिस को भी दौड़ाया गया। अपहरण कर्ता शातिर बदमाश थे जिसके चलते पुलिस को पीछा करता देख उन्होंने गाड़ी को तेज गति में यहां से वहां दौड़ाना शुरू किया आखिर में कायड़ गांव में तीन थानों की पुलिस ने घेराबंदी करके गाड़ी को रुकवाया और अपहरण की गई महिला को बदमाशों के चंगुल से सुरक्षित अपने निगरानी में लिया। गाड़ी में सवार दो बदमाश मौके का फायदा उठाकर भाग छूटे, जबकि एक बदमाश पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस ने उस एक बदमाश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रथम दृष्टया मामला पुश्तैनी संपत्ति को लेकर किसी मुकदमे से जुड़ा बताया जा रहा है। महिलाओं के द्वारा पुलिस में दर्ज कराए मुकदमे के अनुसार किसी आदिल शेख नामक व्यक्ति द्वारा महिलाओं पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने अथवा मुकदमा ही समाप्त करने के नजरिए से महिलाओं को ठिकाने लगाने के प्रयास में अपहरण कराया जाना समझा जा रहा है। अभी इसका पूरी तरह खुलासा नहीं हुआ है।

जिला पुलिस की सतर्कता और जिला पुलिस कंट्रोल रूम के तत्परता के चलते महिला को सुरक्षित पुलिस ने अपनी निगरानी में लिया है। क्रिश्चियनगंज थाना,सिविल लाइन थाना पुलिस और गेगल थाना पुलिस और माइक वन की सजगता महिला को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाने में अहम रही है। अपहरण करने वाले कौन थे और कहां के रहने वाले हैं जिला पुलिस इसका खुलासा करेगी। बताया जाता है कि पुलिस ने बदमाशों की जिस गाड़ी को मौके से बरामद किया है वह दिल्ली पासिंग नंबर की है।

मुख्य आरोपित का नाम आदिल शेख है……..

एडिशनल एसपी दुर्ग सिंह ने बताया कि क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी मार्ग पर रहने वाली दो बहनों डॉ. रमा रानी जैन (72) और रिटायर्ड प्रिंसिपल कुमकुम जैन (62) का शनिवार सुबह अपहरण कर लिया गया था। महिलाओं ने बदमाशों पर उन्हें रिवॉल्वर दिखा कर धमकाने और मारपीट करते हुए राजीनामा कर लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। महिलाओं का आरोप है कि बदमाशों ने उनके मकान के फर्जी कागजात बनवा रखे हैं। इसी को लेकर लंबे समय से कोर्ट में केस भी चल रहा है। पीड़ित महिला रिटायर्ड प्रिंसिपल कुमकुम जैन ने बताया कि आदिल शेख नाम का आदमी आए दिन धमकी देता है। उनकी प्रॉपर्टी हड़पने का प्रयास कर रहा है।

एएसपी दुर्ग सिंह ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना मिलते ही जिले में नाकाबंदी करवाई गई। क्रिश्चियनगंज, सिविल लाइन व कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। इसके बाद दोनों बहनों को सुरक्षित बचा लिया। वहीं कायड़ कायड़ चौराहे पर नाकाबंदी कर एक आरोपी मुकेश को डिटेन किया गया है। अन्य तीन आरोपी फरार होने में सफल हो गए। घटना के बाद महिलाएं डरी हुई हैं और ऐसे में पुलिस ने घर के बाहर एक जवान को तैनात किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित मुकेश से पूछताछ शुरू कर दी है। जब्त कार के बारे में भी जांच की जा रही है। इस मामले में पूर्व में दर्ज मुकदमे की स्थिति को भी जांचा जा रहा है।

(Udaipur Kiran) / संतोष

Most Popular

To Top