

जौनपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केराकत और चन्दवक थाने की संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में शातिर गो-तस्कर घायल हुआ है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद किया है।
क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक ने बताया कि शनिवार देर रात थानागद्दी तिराहे पर चेकिंग चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पराउगंज की तरफ से आ रहा था। उसे रोकने का प्रयास किया गया पर वह नहीं रुका। थानाध्यक्ष चन्दवक को सूचित करते हुए उसका पीछा किया गया। थानाध्यक्ष चन्दवक फोर्स के साथ देव इण्टरनेशनल मेंटेन पब्लिक स्कूल के पास घेराबंदी की। बदमाश ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा। आत्मरक्षार्थ में पुलिस की गोली से सुफियान (27) पुत्र मैनुद्दीन घायल हो गया। मौके पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी केराकत भिजवाया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट पंजीकृत कर अग्रेतर कार्यवाही की जा रही है।
शनिवार रात महाराजगंज पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड में शातिर पशु तस्कर गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे मौके से गिरफ्तार किया गया। मौके से एक अभियुक्त फरार हो गया है। इनके कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद किया गया है।
क्षेत्राधिकारी बदलापुर ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है। उसकी पहचान बदलापुर निवासी शब्बीर (45) के रूप में हुई है। आरोपित ने भागे हुए अपने साथी का नाम असीन बताया। घायल बदमाश को सीएचसी महाराजगंज में भर्ती करते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
