Uttar Pradesh

भ्रष्टाचार के विरोध में निगम के दो पार्षदों ने कराया मुंडन

मुंडन कराते पार्षद

फिरोजाबाद, 19 अप्रैल (Udaipur Kiran) । नगर निगम के दो पार्षदों ने शनिवार को नगर निगम परिसर में मुंडन कराया । पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम में भ्रष्टाचार फैला हुआ है और पार्षदों की बातें अधिकारी नहीं सुन रहे हैं। सरकार तक बात पहुंचाने के लिए उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया है।

नगर निगम फिरोजाबाद के वार्ड संख्या 32 के पार्षद नीटू शर्मा ने कुछ दिन पूर्व नगर निगम के गेट पर भ्रष्टाचार व अधिकारियों की मनमानी शैली के विरोध में अपने बाल मुंड़वाए थे। शनिवार को नगर निगम के वार्ड संख्या 25 के पार्षद मुनेंद्र यादव व वार्ड संख्या 11 के पार्षद पंकज कुमार ने नगर निगम परिसर में अपने मुंडन करवाए। यह देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पार्षद मुनेंद्र यादव का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी पार्षदों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पार्षदों को डराने के लिए दलित समाज के लोगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पार्षद नरेश शर्मा ने जब भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी व अपने क्षेत्र की सड़क जांच की मांग पूरी न होने का विरोध किया और अपने बाल मुंड़वाए तो निगम प्रशासन ने उनके विरुद्ध बाल्मीकि समाज के नेताओं को खड़ा कर दिया। जिस कारण शनिवार को उन्हें अटैक आ गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिजनों का कहना है कि नगर निगम में अपमानित किए जाने के कारण उनकी यह स्थिति हुई है।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Most Popular

To Top