नई दिल्ली, 14 मई (Udaipur Kiran) । पश्चिम जिला के रघुवीर नगर में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपिताें की पहचान विनोद (27) और अर्जुन उर्फ टीनिया (39) के रूप में हुई है। विनोद होटल में खाना बनाने का काम करता है और अर्जुन ऑटो चालक है। दोनों ही आरोपित रघुवीर नगर के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपिताें के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक 13 मई को कन्हैया लाल नामक व्यक्ति को मृत अवस्था में गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस अधिकारी के अनुसार छानबीन के दौरान सामने आया कि 12 मई की रात करीब 10 बजे विनोद नामक युवक आरोपित अर्जुन के घर के सामने सिगरेट पी रहा था। तभी कन्हैया लाल से उसकी कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि पास में रहने वाला अर्जुन भी बाहर आ गया और फिर दोनों ने मिलकर कन्हैया लाल के साथ मारपीट की।
घायल कन्हैया लाल को पहले अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। लेकिन हालत बिगड़ने पर दोबारा अस्पताल लाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपितों की पहचन कर उन्हें दबोचा।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
