RAJASTHAN

ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को मारी टक्कर, दाे की मौत

चूरू हादसे में ट्रक की तलाशी लेती पुलिस।

चूरू, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । सादुलपुर-सिद्धमुख सड़क पर स्थित गांव चेनपुरा छोटा गांव के पास शनिवार देर रात सब्जी से भरे ट्रक चालक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार श्रद्धालु उछलकर नीचे गिर गए, जिससे दो जनों की मौत हो गई। वहीं 32 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से एक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे रैफर किया गया है। सभी श्रद्धालु ददरेवा में गोगाजी के दर्शन कर गोगामेड़ी जा रहे थे। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक के केबिन के परखच्चे उड़ गए। ट्रैक्टर से ट्रॉली अलग होकर सड़क पर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह झांझड़िया मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सरकारी एवं एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं सूचना मिलते ही सिद्धमुख थाना अधिकारी रामकरण सिद्धू भी मौके पर पहुंचे तथा घायलों से घटना की जानकारी ली।

ट्रैक्टर टॉली में करीब 40 यात्री सवार थे। यह सभी लोग नगला पांडे थाना जसराना जिला फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश से गोगाजी के दर्शन के लिए आए थे। वापस जाते समय हादसा हो गया। हादसे में नगला पांडे थाना जसराना निवासी रक्षपाल सिंह तथा उनके नजदीकी गांव नगला सावंती निवासी महाराज सिंह की हो गई। थाना अधिकारी रामकरण सिद्धू ने बताया कि रक्षपाल सिंह के पुत्र राजकुमार ने इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे में महेंद्र कुमार उम्र 38 वर्ष, मोसराई 30 वर्ष, लतेश 30 वर्ष, लक्ष्मण सिंह 35 वर्ष, तारापति चार वर्ष, उषा 42 वर्ष, जीवराज 35 वर्ष, सुरेश 41 वर्ष, प्रदीप 40 वर्ष, गिरिजा 45 वर्ष, कान सिंह 50 वर्ष, शैतान सिंह 32 वर्ष, शैलेंद्र 40 वर्ष, भारती 18 वर्ष सहित 32 जने घायल हो गए। इनमें से नौ घायलों को निजी व अन्य को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल तारापति की हालत गंभीर होने के कारण उसे रैफर किया गया है।

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top