
प्रयागराज, 16 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । बीसीसीआई द्वारा रायपुर (छत्तीसगढ़) में होने वाली अंडर 23 स्टेट ‘ए’ ट्रॉफी के लिए शहर के युवा क्रिकेटर त्रिपुरेश सिंह का चयन मध्य प्रदेश की टीम में हुआ है।
ओम गायत्री नगर सलोरी निवासी राजकुमार सिंह के पुत्र त्रिपुरेश ने अपना प्रारम्भिक प्रशिक्षण ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज मैदान पर बीसीसीआई लेवल वन कोच विवेक सिंह से प्राप्त किया है। दायें हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज और मध्यक्रम के उपयोगी बल्लेबाज त्रिपुरेश मध्य प्रदेश की ओर से इसी साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पदार्पण किया था। वह एमपी की अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी, अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के अलावा ऑल इंडिया विजी ट्रॉफी भी खेल चुके हैं। त्रिपुरेश अंडर-16 आयु वर्ग में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में भी भाग ले चुके हैं। त्रिपुरेश सिंह के चयन पर ईश्वर शरण पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद शंकर सिंह, क्रीडा प्रभारी डॉ. एकात्म देव, प्रो. धीरज चौधरी, प्रो. मान सिंह, प्रो. अनुजा सलूजा ने हर्ष जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
