
धर्मशाला, 6 जनवरी (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश भाजपा के महामंत्री व जिला कांगड़ा संगठनात्मक चुनाव प्रभारी त्रिलोक कपूर ने कहा है कि भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल है। भाजपा सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी रास्ते पर काम करने पर विश्वास करती है। संगठन की दृष्टि से आज जिस प्रकार से प्रदेश के भीतर मंडल व जिला के संगठनात्मक चुनाव हुए हैं उनमें समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व मिले मंच मिले इस पर चिंतन किया गया है। अगर हम कांगड़ा प्रशासनिक जिले पर नजर दौड़ाएं तो इसमें भाजपा पार्टी के चार संगठनात्मक जिले हैं। देहरा से ओबीसी, पालमपुर से महिला, धर्मशाला से ब्राहम्ण वर्ग, नूरपुर से अनुसूचित वर्ग तथा चंबा से राजपूत वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
उन्होंने कहा भाजपा पार्टी जो कहती है उसे पूरा करने में विश्वास रखती है। त्रिलोक कपूर ने यह बात सोमवार को धर्मशाला में हुए जिला कांगड़ा संगठनात्मक चुनावों के उपरांत मीडिया से बात करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता मेहनत करके किसी भी उच्च पद तक पहुंच सकता है। भाजपा संगठन के आंतरिक चुनावों के माध्यम से योग्य व सक्रिय भाजपा कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। जिस प्रकार से हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल पे पार्टी के हर कार्यकर्ता को बिना किसी भेदभाव के क्षमता अनुससार आगे बढ़ाने का कार्य किया है इससे एक मजबूत संदेश गया है।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
