RAJASTHAN

कारगिल विजय दिवस पर ट्रैक्टरों-बुलेट पर निकाली तिरंगा वाहन रैली

तिरंगा वाहन रैली

बाड़मेर, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर गुरुवार को सीमाजन कल्याण समिति और थार के वीर संस्थान की ओर से जिला मुख्यालय स्थित हाई स्कूल मैदान से तिरंगा वाहन रैली निकाली गई। रैली में थार गाड़ियां, ट्रैक्टर, बुलेट बाइक शामिल हुई। देशभक्ति गीतों की धुन के साथ रैली शहर मुख्य मार्गों से निकली। इस दौरान युवा हाथों में तिरंगा लिए साथ चले। रैली का समापन सिणधरी सर्किल शहीद स्मारक पहुंचकर हुआ।

सीमाजन कल्याण समिति के जिला प्रचार प्रमुख रघुवीर सिंह तामलोर ने बताया कि सीमाजन कल्याण समिति और थार के वीर संस्थान की ओर से तिरंगा वाहन रैली निकाली गई है। रैली में नवीन ट्रैक्टर से 25 ट्रैक्टर, 50 बुलेट बाइक शामिल हुई। सबसे आगे डीजे और फिर बीएसएफ के वाहन रहे। इस तिरंगा रैली को युवा उद्यमी जोगेंद्र सिंह चौहान, सीमाजन कल्याण समिति के प्रदेश मंत्री सुरेश चौधरी, सृजन फाउंडेशन की संयोजक इंदु तोमर, जिलाध्यक्ष मोतीराम हेगड़े, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अम्बालाल जोशी ने तिरंगा झंडा दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा वाहन रैली का शहर के हाई स्कूल से रवाना होकर रॉय कॉलोनी, किसान बोर्डिंग, कलेक्टर बंगला, रॉय कॉलोनी रोड, तनसिंह सर्किल, गांधी चौक, मुख्य बाजार होते हुए सिणधरी सर्किल शहीद स्मारक पर सम्पन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह रैली का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। शहीद भीखाराम की वीरांगना भंवरी का कहना है कि मेरी पति 1999 में ऑपरेशन विजय में शहीद हुए थे। 25 दिन तक कैद करके रखा था। उनके सारे शरीर के अंग भंग कर दिए थे। लेकिन मुझे गर्व है कि मैं शहीद की पत्नी हूं। मैं मेरे बेटे को भी यह शिक्षा देती हूं कि देश सेवा सबसे पहले है। कारगिल विजय दिवस पर तिरंगा रैली सभी को निकालनी चाहिए। यह हमारे भारत का महत्त्वपूर्ण दिन है। इस दिन लोगों में जोश और जज्बा अंदर से होना चाहिए।

(Udaipur Kiran) / रोहित / संदीप

Most Popular

To Top