
जयपुर, 14 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित तिरंगा यात्रा गुरुवार को निकाली जाएगी। जयपुर के अल्बर्ट हॉल से शुरू होने वाली यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ उपस्थित रहेंगे।
तिरंगा यात्रा अभियान के प्रदेश समन्वयक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि प्रदेशभर में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना के शौर्य और पराक्रम के प्रति जबरदस्त समर्थन है। आमजन के इस उत्साह और जोश को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।
प्रदेश समन्वयक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अगुवाई में होने वाली इस तिरंगा यात्रा में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकी और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने वाले कुशल नेतृत्वकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सेना के प्रति आभार जताया जाएगा।
तिरंगा यात्रा अभियान के जयपुर संभाग समन्वयक एवं पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने बताया कि तिरंगा यात्रा राजधानी जयपुर में गुरुवार को निकाली जाएगी। यात्रा गुरुवार सुबह 10 बजे अल्बर्ट हॉल से शुरू होगी और बड़ी चौपड़ तक जाएगी। यात्रा न्यू गेट, बापू बाजार, सांगानेरी गेट होते हुए चौपड़ पर संपन्न होगी। वहां पर भारतीय सेना के पराक्रम, वीरता और शौर्य को सलाम करते हुए देश की सुरक्षा के लिए जवानों का आभार व्यक्त किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा में सभी राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक संगठनों से कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। यात्रा में स्टूडेंट्स, विभिन्न एनजीओ, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
—————
(Udaipur Kiran)
