शिमला, 20 मार्च (Udaipur Kiran) । पूर्व मंत्री केवल सिंह पठानिया के निधन पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शोक व्यक्त किया गया। गुरुवार को सदन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सार्वजनिक जीवन व सेवाओं को याद किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य विधायकाें ने उनके योगदान की सराहना की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने शोकोदगार में भाग लेते हुए कहा कि केवल सिंह पठानिया का 88 वर्ष की आयु में निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि उनका जन्म 29 जून 1937 को जिला कांगड़ा के बासां-वजीरां गांव में हुआ था। वे 1972, 1990 और 1993 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए और 1995 से 1998 तक परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल सिंह पठानिया ने समाज सेवा में गहरी रुचि ली और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई।
विपक्ष और विधानसभा अध्यक्ष ने भी जताया शोक
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केवल सिंह पठानिया तीन बार विधायक रहे और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में कार्यरत रहे। उन्होंने पंचायत स्तर से लेकर राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दीं।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि केवल सिंह पठानिया का जीवन सादगी और ईमानदारी की मिसाल था। वे स्पष्टवादी नेता थे और जनता के हितों के लिए हमेशा कार्यरत रहे। उन्होंने यह भी याद किया कि जब हिमाचल प्रदेश पंजाब का हिस्सा था, तब उनके पिता पंजाब सरकार में मंत्री थे।
अन्य नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
कृषि मंत्री चंद्रकुमार, रणवीर सिंह, भवानी सिंह पठानिया और संजय रत्न सहित कई नेताओं ने केवल सिंह पठानिया के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सदन में दो मिनट का मौन रखा गया।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
