Haryana

विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व ओपी चौटाला समेत कई को दी गई श्रद्धांजलि

हरियाणा के मुुख्यमंत्री नायब सैनी सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए

विधानसभा में पहली बार श्रद्धांजलि देने के लिए खड़े हुए अफसर, पत्रकार और दर्शक

चंडीगढ़, 7 मार्च (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा में शुक्रवार को शुरू हुए बजट सत्र के दौरान दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला समेत कई विभूतियों को श्रद्धांजलि दी गई। शुक्रवार को विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण की पहल परदिवंगतों को सदन में खड़े होकर श्रद्धांजलि देने की नई परंपरा शुरू की।

विधानसभा में सदन के नेता होने के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विपक्ष की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और इनेलो की ओर से विधायक अर्जुन चौटाला ने शोक प्रस्ताव पढ़े। स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने पूरे सदन की ओर से श्रद्धांजलि दी। इस बार श्रद्धांजलि देने के लिए मंत्रियों और विधायकों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, दर्शक और पत्रकार भी खड़े हुए। अभी तक दर्शक दीर्घा, मीडिया गैलरी और आफिसर गैलरी में बैठे लोग श्रद्धांजलि के दौरान खड़े नहीं होते थे। सदन में विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि संसदीय प्रणाली में समय-समय पर सुधार व बदलाव होते रहे हैं।

इस मौके पर सदन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि डाॅ. मनमोहन सिंह का हरियाणा के विकास में काफी योगदान रहा है। हुड्डा ने डाॅ. मनमोहन के कार्यकाल में हरियाणा में स्थापित हुई कई परियोजनाओं का जिक्र किया।

सदन में पिछले सत्र और इस सत्र की अवधि के दौरान दिवंगत महान विभूतियों, स्वतंत्रता सेनानी और शहीद जवानों के सम्मान में शोक प्रस्ताव पढ़े गए। हुड्डा ने सदन में कहा कि डाॅ. मनमोहन सिंह का परिवार जब पाकिस्तान से भारत आया था तो वह यमुनानगर जिले में रहे थे, जिसके चलते उनका हरियाणा के प्रति काफी लगाव था। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के साथ अपने परिवारिक संबंधों का दावा किया। हुड्डा ने कहा कि चौटाला एक कुशल प्रशासक थे तथा जो करने की सोच लेते थे, उसे पूरा कर ही दम लेते थे।

सत्र के पहले दिन करनाल जिले के निसिंग स्थित गुरु ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल के 25 बच्चों और शिक्षकों का समूह विधानसभा का सत्र देखने पहुंचा। सदन में हरियाणा के पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, पूर्व मंत्री डाॅ. कृपा राम पूनिया, पूर्व विधायक सुरिंदर सिंह औजला के निधन पर प्रति शोक प्रस्ताव पढ़े गए। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के मामा राजपाल सिंह नागर, मंत्री डाॅ. अरविंद कुमार शर्मा की चाची शांति देवी, मंत्री श्रुति चौधरी की सास बिरजा चौधरी, राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा के जीजा प्रेम लाल शर्मा, विधायक राम कुमार गौतम की बहन माया देवी तथा विधायक सुनील सांगवान की बहन ऊषा कादियान के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। इसके अलावा सदन में सर्वोच्च बलिदान देने वाले हरियाणा के 22 वीर सैनिकों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top