
यमुनानगर, 23 मई (Udaipur Kiran) । यमुनानगर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उद्योग व्यापार मण्डल हरियाणा की जिला कार्यकारिणी के प्रतिनिधि मंडल ने यमुनानगर-जगाधरी की महापौर सुमन बहमनी से मिल कर विस्तार से चर्चा की और मांग पत्र सौंपा। मौके पर प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र मित्तल ने शुक्रवार को बोलते हुए बताया कि हमारा जिला धार्मिक व ओद्य़ोगिक नगरी है। बडी संख्या में उद्योग स्थापित हैं। हमारा जिला राजस्व देने में अग्रणी है। सरकार के द्वारा बडी संख्या में विकास कार्य करवाये भी जा रहे हैं। किन्तु उन कामों पर पूर्ण होने पर देखभाल के अभाव में खराब हो रहे हैं। जिले मे नालों की सफाई नहीं हो रही है। नगर निगम क्षेत्र के सभी नालों की सफाई सुनिश्चित कराएं ।
उन्होने आगे यह मांग भी रखी कि नालों व सिवरेज का गन्दा पानी व गन्दगी को जीवनदायिनी पश्चिम यमुना आवर्धन नहर में ना गिराया जाये। गन्दा पानी नहर में गिरने से नहर का पानी भी गन्दा व विषैला हो जाता है। जो पीने योग्य नहीं रह जाता। गन्दे पानी को एसटीपी द्वारा साफ करवा कर सिंचाई योग्य किया जाए। उन्होंने कहा कि बेसहारा कुत्तों व बन्दरों के लिये पशु शेल्टर बना कर समाज को राहत दी जाए।
उन्होंने कहा कि हमारे जिले के साथ पांच प्रदेशों की सीमाएं लगती है। किन्तु बाजारों में पार्किंग की बहुत समस्या है। जिस कारण से स्थानीय व्यापारियों का व्यापार चौपट होता जा रहा है। क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अनजान लोग रेहडी फडी लगा कर अतिक्रमण कर रहे है। बाहर से आए अनजान लोगों को चिन्हित किया जाये। रेहड़ी फड़ी लगाने का स्थान निश्चित किया जाए। यमुनानगर सब्जी मंडी में अनजान रेहड़ी वालों ने मंडी की सरकारी जगह पर अवैध कब्जा कर लिया है, उसे हटवाया जाए। महापौर सुमन बहमनी द्वारा आश्वासन दिया गया की समस्याओं पर गंभीरता से जल्द समाधान कराया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
