Uttrakhand

राज्य के भू कानून का व्यापारियों तथा साधु संतों ने किया स्वागत

भू कानून को लेकर चर्चा करते व्यापारी

हरिद्वार, 22 फरवरी (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड में सशक्त भू कानून लागू करने और हरिद्वार व उधमसिंह नगर को इससे बाहर रखने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महानगर व्यापार मंडल ने बधाई दी। दूसरी और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी सहित साधु संतों ने भू कानून का स्वागत किया है।

महाराज विश्वास पुरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि यह फैसला व्यापार और उद्योग जगत के लिए लाभकारी है। उन्हाेंने कहा कि हरिद्वार में बाहरी राज्यों से निवेश बढ़ेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रगति करेंगी। उधमसिंह नगर को बाहर रखकर सरकार ने आर्थिक संतुलन साधने का सराहनीय कदम उठाया है।

महाराज विश्वास पूरी और खडखडेश्वर महादेव व्यापार मंडल अध्यक्ष भूदेव शर्मा ने भू कानून को राज्य की संस्कृति, संसाधनों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा में ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून प्रदेश की मूल पहचान बनाए रखने में मददगार होगा और बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा अंधाधुंध जमीन खरीद पर रोक लगाएगा।

बैठक में अरुण शर्मा, रवि बांगा, राकेश कुमार, राहुल तायल, रमन कुमार, अनिल कोरी, पवन पांडे, लक्की अनेजा, सुनील मनोचा कई व्यापारी मौजूद रहे।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महेंद्र रवींद्र पुरी ने भू कानून का स्वागत करते हुए कहा कि इस कानून से पहाड़ों से पलायन की समस्या दूर होगी। पहाड़ों की जमीन बेचे जाने पर प्रतिबंध लगने से अब वहां खेती-बाड़ी बढ़ेगी। जबकि उधम सिंह नगर और हरिद्वार में भू कानून की अलग व्यवस्था होने से यहां उद्योग लगेंगे, जिससे रोजगार बढ़ेंगे तथा राज्य को राजस्व की प्राप्ति होगी और प्रदेश विकास की ओर बढ़ेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top