Chhattisgarh

केंद्र और प्रदेश सरकार उपलब्धियों की चर्चा करके सबको अपने साथ जोड़ें : तोखन साहू

भाजपा प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला

रायपुर , 29 अगस्त (Udaipur Kiran) ।केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा है कि भाजपा का यह संगठन का पर्व है। हम सबको सदस्यता ग्रहण करनी है। इस अभियान की गंभीरता को हम बहुत अच्छी तरह समझ सकते हैं। साहू ने कहा कि सदस्य बनना इसलिए आवश्यक है कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हम सभी कार्यकर्ता मिलकर सदस्यता के लक्ष्य को अर्जित करेंगे।

भाजपा प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए तोखन साहू ने कहा है कि 200 सदस्य प्रत्येक बूथ पर बनाने का लक्ष्य है। हम डेढ़ महीना मेहनत करके उन सदस्यों को, उन मतदाताओं को यदि अपने साथ जोड़ लेंगे तो पार्टी के लिए एक बड़ा आधार बन जाएगा। गांव में छोटी-छोटी टोलियाँ होती हैं,उन सबको अपने साथ जोड़ना चाहिए ,क्योंकि वही हमारे मतदाता हैं। उन सबको लगता है कि हम भी भाजपा के सदस्य हैं। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करके सबको अपने साथ जोड़ना चाहिए।

इस बार देशभर में 10 करोड़ सदस्यता का लक्ष्य-पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर 17 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यशाला रखी गई थी। जिसमें तय किया था कि इस बार पूरे देशभर में भाजपा व्यापक सदस्यता अभियान चलाएगी। सन 2014 में जब राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह थे, उस समय हम लोगों ने मैन्युअल सदस्यता से डिजिटल सदस्यता को अंगीकार किया और दुनिया में सबसे ज्यादा सदस्य बनाकर भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी थी।

सिंहदेव ने कहा कि 2014 और 2019 में छत्तीसगढ़ में हमने क्रमश: 22 लाख 9 लाख, इस तरह कुल 31.40 लाख सदस्य बनाए थे। इस बार देशभर में 10 करोड़ सदस्यता का लक्ष्य है। छत्तीसगढ़ में हम इस बार उससे ज्यादा सदस्य बनाने वाले हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र में 200 सदस्यता का लक्ष्य लिया गया है। इससे यह एक बहुत अच्छा आंकड़ा आने वाले समय के लिए हो जाए जिसके माध्यम से हम आने वाले समय में अपने कार्यक्रमों की क्रियान्वित कर पाएंगे। सिंहदेव ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता सभी चुनौतियों से लड़ने की जिम्मेदारी लेने वाला, सभी प्रकार के चैलेंज को स्वीकार करने वाला है। आज भाजपा का सदस्य बनना यानी देश को आगे बढ़ाने वाली ताकत के साथ जुड़ना है, और इसलिए भाजपा जरूरी है। सदस्यता अभियान के लिए सब प्रकोष्ठों को जवाबदारी दी गई है, सबका लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए लगातार अभी प्रचार अभियान भी चलाएंगे। फेसबुक, सोशल मीडिया के साथ-साथ फ्लेक्स और बैनर लगाना है। 6 तारीख से लेकर 17 तारीख तक हमको मतदान केंद्रों पर फोकस करना है।

इससे पहले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने पीपीटी के माध्यम से बैठक में आए पदाधिकारियों का ऑनलाइन सदस्यता के परिप्रेक्ष्य में मार्गदर्शन दिया। इस दौरान सभी प्रकोष्ठों के संयोजकों ने सदस्यता अभियान को लेकर अपनी-अपनी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अभियान को सफल बनाने और निर्धारित लक्ष्य को अर्जित करने का संकल्प दाेहराया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री द्वय संजय श्रीवास्तव व रामजी भारती, आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय शंकर मिश्रा, विधि प्रकोष्ठ संयोजक जयप्रकाश चन्द्रवंशी, आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक राजेश अग्रवाल, एनजीओ प्रकोष्ठ संयोजक सुरेन्द्र पाटनी, चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा सहित समस्त प्रकोष्ठ की जिला प्रभारी, सह प्रभारी, जिला संयोजक, सहसंयोजक एवं पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक की कार्रवाई का संचालन प्रदेश महामंत्री रामजी भारती और आभार प्रदर्शन एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र पाटनी ने किया।

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top