HimachalPradesh

पुलिस भर्ती पर मौसम का खलल, स्थगित करनी पड़ी आज की भर्ती प्रक्रिया

धर्मशाला, 20 फ़रवरी (Udaipur Kiran) ।कांगड़ा जिला में वीरवार से शुरु होने वाली पुलिस भर्ती में मौसम ने खलल डाल दिया है। जिसके चलते आज होने वाली भर्ती को स्थगित करना पड़ा है। यह भर्ती अब आगामी सात मार्च को आयोजित की जाएगी।

गौरतलब है कि बीती रात से ही मौसम के बदले मिजाज के चलते कांगड़ा घाटी के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के दौर जारी है वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। ऐसे में पुलिस मैदान में पानी भरने से इस भर्ती को फिलहाल स्थगित करना पड़ा है। हालांकि भर्ती के लिए आज सुबह ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी युवा धर्मशाला पंहुच चुके थे जिन्हें वापिस लौटना पड़ा है।

पुलिस महानिरिक्षक उत्तरी खण्ड एवं भर्ती कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक दुल्लर ने बताया कि आज स्थगित की गई भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अब सात मार्च को इन अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। आज भर्ती के लिए 2250 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। वहीं अगर कल शुक्रवार को भी मौसम की यही स्थिति रहती है तो कल की भर्ती भी स्थगित हो सकती है।

गौर हो कि हिमाचल पुलिस में भरे जाने वाले महिला व पुरूष कांस्टेबल के पदों के लिए कांगड़ा जिला से 30638 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। जिनमें 22431 पुरुष जबकि 8207 महिला अभ्यर्थी हैं। कांगड़ा जिला के लिए भर्ती प्रक्रिया के तहत पुरुष वर्ग के लिए 20 फरवरी से लेकर दो मार्च तक जबकि महिला वर्ग के लिए तीन मार्च से छह मार्च तक पुलिस मैदान में भर्ती आयोजित की जाएगी।

पुलिस महानिरिक्षक उत्तरी खण्ड एवं भर्ती कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक दुल्लर ने बताया कि पुरुष भर्ती के दौरान हर दिन 2250 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे जबकि महिला वर्ग में हर दिन 2051 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगी। उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए बनाई गई कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top