Gujarat

प्रथम थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोको का टीओए मेजर शैड्यूल सफलतापूर्वक पूर्ण किया

इलेक्ट्रिक लोको शेड, वटवा

-इलेक्ट्रिक लोको शेड, वटवा

अहमदाबाद, 23 जनवरी (Udaipur Kiran) । पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेल मंडल के इलेक्ट्रिक लोको शेड, वटवा ने एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार किया है। वर्ष 2019 में इलेक्ट्रिक इंजन के मेंटेनेंस की शुरुआत करने के बाद से, वटवा शेड ने निरंतर प्रगति की है और अब अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम स्वरूप, उन्होंने प्रथम थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोको सं. 41532 डब्ल्यूएजी9एचसी का टीओएच (टोटल ओवर हॉलिंग) मेजर शैड्यूल सफलतापूर्वक पूरा किया है।

22 जनवरी 2025 को मंडल रेल प्रबंधक सुधीर कुमार शर्मा ने इलेक्ट्रिक लोको सं. 41532 को हरी झंडी दिखाकर भारतीय रेल सेवा के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, वटवा एस.पी. गुप्ता ने बताया कि इलेक्ट्रिक लोको शेड, वटवा ने बहुत कम समय में पश्चिम रेलवे में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के मेंटेनेंस के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है। इस कीर्तिमान को हासिल करने के लिए वटवा शेड के समस्त कर्मचारी और अधिकारी सराहना के पात्र हैं। गुप्ता ने आगे बताया कि वर्तमान में वटवा शेड में 50 कन्वेंशनल इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव और 88 थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का नियमित अनुरक्षण कार्य किया जा रहा है।

हालांकि थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का टीओएच और आईओएच (इन्टरमिडीएट ओवर हॉलिंग) शैड्यूल का अनुभव पहले नहीं था, इसके बावजूद शेड के कर्मचारियों ने अपनी पूरी मेहनत, लगन और क्षमता से प्रथम थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोको सं. 41532 डब्ल्यूएजी9एचसी का टीओएच मेजर शैड्यूल सफलतापूर्वक पूरा किया। इस सफलता के परिणामस्वरूप वटवा शेड ने पश्चिम रेलवे में अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने में नई ऊंचाइयाँ छुई हैं। वर्तमान में, लोको शेड में इलेक्ट्रिक लोको अनुरक्षण हेतु आधारभूत सुविधाएँ विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण मॉड्यूल्स पर कार्य चल रहा है, जिससे आने वाले समय में और भी बेहतर सेवाएँ प्रदान की जा सकेंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top