Haryana

धर्म और समाज की रक्षा के लिए श्रीगुरु तेग बहादुर ने न्योछावर किया था सर्वस्व: मुख्यमंत्री

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी कुरुक्षेत्र के गांव बीड़ मथाना में गुरु तेग बहादुर गेट का उदघाटन करते हुए

मुख्यमंत्री ने गांव बीड मथाना में श्रीगुरु तेग बहादुर द्वार का किया उद्घाटन

प्रदेशवासियों को श्रीगुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर दी बधाई व शुभकामनाएं

चंडीगढ़, 18 अप्रैल (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्रीगुरु तेग बहादुर महाराज ने धर्म और समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने नागरिकों से श्रीगुरु तेग बहादुर के आदर्शों, शिक्षाओं और वाणी को अपने जीवन में धारण करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके बलिदान और त्याग की भावना को हमेशा अपने जहन में याद रखें। यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गांव बीड मथाना में श्रीगुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से श्रीगुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर श्रीगुरुद्वारा सिंह सभा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री सैनी ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की लख-लख बधाई देते हुए कहा कि पूरे विश्व में श्रीगुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्रीगुरु तेग बहादुर ने धर्म और समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व वार दिया। आज हिन्द की चादर श्रीगुरु तेग बहादुर की शिक्षाओं, आदर्शों को अपने जीवन में धारण करने की जरूरत है। इस पावन पर्व पर बीड मथाना में श्रीगुरु तेग बहादुर की यादों को हमेशा अमिट रखने के लिए प्रवेश द्वार का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रीगुरु तेग बहादुर कुरुक्षेत्र से इसी मार्ग से होते हुए लौहगढ़ पहुंचे थे। सरकार ने श्रीगुरु तेग बहादुर के साथ-साथ सभी गुरुओं की वाणी और इतिहास को संजोने के लिए कुरुक्षेत्र में भव्य और सुंदर संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री सैनी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने गांव बीड मथाना के प्रवेश पर श्रीगुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बीड मथाना के बनवाए गए गुरु तेग बहादुर द्वार का उदघाटन किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री सैनी ने गांव के श्रीगुरुद्वारा सिंह सभा में श्रीगुरु ग्रंथ साहिबजी पर माथा टेका और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए अरदास की। इस मौके पर गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरपाल सिंह और गुलजार सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सरोपा, स्मृति चिन्ह भेंट किया।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top