Madhya Pradesh

विकसित राष्ट्र बनाने हर बूथ, हर गांव और हर घर में होना चाहिए भाजपा का सदस्य- विष्णुदत्त शर्मा

ढीमरखेड़ा में संगठन पर्व बैठक काे संबाेधित करते प्रदेश अध्यक्ष

कटनी, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को कटनी जिले के ढीमरखेड़ा व तेवरी बाजार में संगठन पर्व बैठक, स्लीमनाबाद में प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं जिला कार्यालय में मोर्चा पदाधिकारी एवं प्रकोष्ठ टोली की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। सदस्यता को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन ने खजुराहो लोकसभा और कटनी जिले के लिए जो लक्ष्य तय रखा है उससे अधिक सदस्य बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जुट जाएं। खजुराहो लोकसभा और कटनी जिले को सदस्यता में शीर्ष पर लाने के लिए कार्यकर्ता अथक मेहनत करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने हर गांव, हर घर और हर बूथ में भाजपा का सदस्य बनाएं। प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करने के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने वहां उपस्थित प्रबुद्धजनों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

संगठन पर्व देश को सशक्त बनाने का माध्यम

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का भाजपा पर अटूट विश्वास है। भाजपा की केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं ने लाखों लोगों को स्वरोजगार देने का कार्य किया है। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आए हैं। सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि जिन क्षेत्रों में हम कमजोर हैं, उनमें मजबूती प्रदान करने के लिए है। यह अभियान सर्वसमावेशी है और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से हर वर्ग को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने का प्रयास करना है।

पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड सदस्य बनाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश में संगठन पर्व के पहले चरण में एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाए हैं। आज से संगठन पर्व का दूसरा चरण शुरू हो गया है। दूसरे चरण में भी पहले चरण की तरह रिकॉर्ड सदस्य बनाकर मध्यप्रदेश को देश के शीर्ष राज्यों में ले जाना है। भाजपा कार्यकर्ता अपने अथक मेहनत व परिश्रम से मध्यप्रदेश सदस्यता में इतिहास रचेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लाखों लोगों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत योजना और उज्जवला योजना जैसे अनेकों योजनाओं का लाभ ले रहे है। यह सभी लाभार्थी भाजपा के साथ जुड़ना चाहते हैं, घर-घर जाकर इन्हें भी भाजपा परिवार का सदस्य बनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि हमें एक करोड़ युवा सदस्य बनाना है, जो आने वाले 2047 में भारत का नेतृत्व करेंगे। इस महान संकल्प को पूरा करने के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान मे अपनी पूरी ताकत लगाकर कार्य करना है। भाजपा कार्यकर्ता उमंग व उत्साह के साथ बूथ पर जाकर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएं। संगठन पर्व के दूसरे चरण में जिस तरह से पहले चरण में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश में एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास रचा है, उसी प्रकार दूसरे चरण में भी अधिक से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाकर रिकॉर्ड बनाना है। लोगों को भाजपा परिवार से जोड़कर भाजपा परिवार का विस्तार करना है। संगठन पर्व सिर्फ सदस्य बनाने का अभियान नहीं है, बल्कि देश को सशक्त बनाने का माध्यम भी है।

घर-बाजारों में संपर्क कर लोगों को बनाया सदस्य

विष्णुदत्त शर्मा ने स्लीमनाबाद के तेवरी बाजार में घर और दुकानों पर संपर्क कर लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दुकान संचालकों, रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाने वाले, सब्जी का ठेला लगाने वालों को भी मिस्डकॉल के माध्यम से भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रेहड़ी-पटरी वालों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को भाजपा का सदस्य बनने की अपील की।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top