Assam

युवा शक्ति को प्रेरित करने हेतु मंडल अध्यक्षों की आयु सीमा 45 वर्ष: मुख्यमंत्री

भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश के मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में नव-निर्वाचित जिला और मंडल अध्यक्षों के लिए संगठनात्मक कार्यशाला एवं अभिनंदन सभा की तस्वीर।

गुवाहाटी, 01 मार्च 2025 (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश के मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आज नव-निर्वाचित जिला और मंडल अध्यक्षों के लिए संगठनात्मक कार्यशाला एवं अभिनंदन सभा आयोजित हुई।

संगठनात्मक कार्यशाला के समापन भाषण में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि कांग्रेस शासन में उपेक्षित और पिछड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए नव-निर्वाचित जिला और मंडल अध्यक्षों को सतर्क प्रहरी की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि समृद्ध और सुरक्षित असम के लिए भाजपा सरकार जरूरी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भाजपा सरकार के कारण ही आज असमिया भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिला है और चराइदेव मैदाम को वैश्विक पहचान मिली है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने नव-निर्वाचित जिला और मंडल अध्यक्षों से आगामी पंचायत, स्वायत्तशासी विकास परिषद, बीटीआर और विधानसभा चुनावों में पार्टी के सेनापति के रूप में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने एडवांटेज असम 2.0 को समृद्ध और विकसित असम के रूपांतरण की आधारशिला बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर भारत दक्षिण पूर्व एशिया का द्वार बनने की ओर अग्रसर है। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरेकृष्ण भराली की स्मृति में असम प्रदेश भाजपा के मुखपत्र भाजपा बार्ता का विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, भाजपा राष्ट्रीय सचिव कामाख्या प्रसाद तासा, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं 39 जिला तथा 433 मंडल अध्यक्ष सहित 500 से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top