
-कांग्रेस ने बाबा साहब का अंतिम संस्कार और समाधि स्थल दिल्ली में नहीं होने देने का किया पाप : रेखा वर्मा-बाबा साहब का संविधान गीता और रामायण जैसे ग्रंथ : बैजनाथ रावत
प्रयागराज, 19 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर द्वारा खरकौनी नैनी सेवा बस्ती में भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्म जयंती स्मृति संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा बाबा साहब और उनके मूल्यों से ईर्ष्या करती रही है। बाबा साहब के अंतिम पल तक कांग्रेस ने उनका अपमान किया। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में नहीं होने दिया और न ही समाधि स्थल बनाने दिया।
उन्होंने आगे कहा कि इतना ही नहीं उनके पार्थिव शरीर काे उनके घर तक पहुंचाने का हवाई किराया भी वसूल करने का पाप किया है। जिसे देश नहीं भूल सकता और न ही देश की जनता भूल सकती है। इसके अलावा बाबा साहब को लोकसभा के चुनाव में हरवाने की साजिश रची और संविधान सभा की सदस्यता में अड़चन डाली। उन्होंने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय के प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने समाज के शोषित, पीड़ित, वंचित, कमजोर और जरूरतमंदों के लिए जीवन भर संघर्ष किया और संविधान में उन्हें समान रूप से जीने का अधिकार दिया। पढ़ने का, रहने का, नौकरी और राजनीति में आने का अधिकार दिया।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब के विचारों का दर्शन है-सबका साथ सबका विकास का मूलमंत्र। जिसे मोदी सरकार बड़ी जिम्मेदारी के साथ साकार कर रही है। बाबा साहब के सम्मान में पंच तीर्थ का निर्माण कर बाबा साहेब के विराट व्यक्तित्व का सामाजिक समरसता का दर्शन स्थापित किया है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने डॉ भीमराव अंबेडकर को देवता की तरह स्थान दिया है और सम्मान देकर उनका अधिकार योजनाओं के माध्यम से सुरक्षित किया है। कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहेब के एजेंडे को पूरा कर रही है और जनता सपा, बसपा और कांग्रेस के पोपोगैंडा को धाराशाई कर रही है।
इस अवसर महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमान को था और भाजपा सरकार में देश के शोषित पीड़ित वंचित और गरीबों का है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब के विचारों के प्रति भाजपा सरकार समर्पित है। इस अवसर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कमलेश कुमार गौतम, पूर्व अध्यक्ष रंजीत सिंह, राजेंद्र मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग अश्विनी पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक भाजपा क्षेत्रीय अनुसूचित मोर्चा मंत्री संजय पासवान और सह संयोजक पार्षद रणविजय सिंह रहे, संचालन नरसिंह ने किया। इस अवसर पूर्व पार्षद विजय लक्ष्मी, कुंज बिहारी मिश्रा, देवेश सिंह, वरुण केसरवानी रवि डॉ शैलेश पांडे, राजेश केसरवानी, राजन शुक्ला, पार्षद किरन जायसवाल, सुनीता चोपड़ा, वंदना सिंह, मयंक यादव, विवेक मिश्रा, राजेश गोंड एवं सेवा बस्ती में रहने वाले सैकड़ों अनुसूचित जाति के लोग उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
